'भारत जोड़ो यात्रा' में प्रियंका गांधी शामिल होंगी या नहीं? वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने बताया
नई दिल्ली, 20 सितंबर। 'भारत जोड़ो यात्रा' का आज 13वां दिन है। इस यात्रा में अब कांग्रेस जनरल सेक्रेटरी प्रियंका गांधी भी शामिल होंगी। इस बात की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने दी। केरल के अलाप्पुझा जिले में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी भी इस यात्रा से जुड़ेंगी। उन्होने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के मार्च ने कुल 275 किमी दूरी तय कर लिया है और आज यह 285 किलोमीटर हो जाएगा। इस यात्रा के तहत कुल 3570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।

पत्रकारों को संबोधित करने के दौरान वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि यात्रा से प्रियंका गांधी केरल में ही जुड़ेंगी। इसको लेकर वो तैयारियां भी कर रही हैं। वहीं, जब पत्रकारों की तरफ से रमेश से 17 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर होने वाले चुनाव पर सवाल किया गया तो, उन्होंने इस पर ज्यादा बोलने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस वक्त सभी पार्टी कार्यकर्ताओं का मुख्य फोकस 'भारत जोड़ो यात्रा' पर है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस वक्त यात्रा को सफल बनाने में जुटे हैं।
वहीं, पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने के लिए शशि थरूर को सोनिया गांधी से मंजूरी मिलने की खबरों का जिक्र करते हुए रमेश ने कहा कि किसी को भी नामांकन दाखिल करने के लिए राहुल या सोनिया गांधी से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। पार्टी का कोई भी नेता कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकता है।
सूत्रों की मानें तो दिल्ली में हुई एक मीटिंग में शशि थरूर ने कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि था कि पार्टी के आंतरिक लोकतंत्र को मजबूत करना चाहते हैं। इस पर सोनिया गांधी ने कहा कि अध्यक्ष पद के लिए कोई भी चुनाव लड़ सकता है। आपको बता दें कि थरूर भी जी-23 समूह (पार्टी में सुधार की मांग) द्वारा सोनिया गांधी को लिखे गए एक पत्र के हस्ताक्षरकर्ताओं में से एक हैं। बैठक से उनके पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने में स्पष्टता आई है, जो पहले काफी अटकलों का विषय था।
इधर, सोनिया गांधी ने वेणुगोपाल को भी दिल्ली बुलाया है। माना जा रहा है कि वेणुगोपाल से आज पार्टी में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर चर्चा की जा सकती है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सोनिया गांधी की तरफ से उन्हें किस लिए दिल्ली बुलाया गया है।
ये भी पढ़ें- 'राहुल गांधी ही कांग्रेस अध्यक्ष के लिए पहली पसंद हैं...', अशोक गहलोत के करीबी सूत्र का दावा












Click it and Unblock the Notifications