रायबरेली में धरनारत रेल कोच कर्मचारियों से मिलीं प्रियंका गांधी, बोलीं- देश की आर्थिक हालत नाजुक
नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी मंगलवार को उत्तर प्रदेश के रायबरेली पहुंची। प्रियंका ने यहां कांग्रेस विधायक अदिति सिंह के आवास पर परिवारजनों से मुलाकात की। अदिति के पिता पूर्व विधायक अखिलेश सिंह का हाल ही में निधन हो गया था। प्रियंका ने परिजनों को सांत्वना देते हुए उनको श्रद्धांजलि दी। प्रियंका ने रेल कोच फैक्ट्री के निजीकरण के विरोध में आंदोलन कर रहे कर्मचारियों से मिल उनको समर्थन दिया। साथ ही रायबरेली और आसपास के जिलों के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की।

प्रियंका गांधी ने रेल कोच कारखाने के आंदोलनरत कर्मचारियों से भी बातचीत की। प्रियंका ने कर्मचारियों के साथ धरने पर बैठकर उनको अपना समर्थन भी दिया। प्रियंका ने कर्मचारियों से कहा कि इस सरकार को किसान, मजदूर, नौकरीपेशा लोगों की सुध नहीं है। यहां कर्मचारी धरने पर हैं लेकिन सरकार में कोई सुध लेने वाला नहीं। उनका मकसद सारे संसाधनों को कुछ खास पूंजीपतियों को सौंप जेना है। ये कर्मचारी कारखाने को निजी हाथों में देने का विरोध कर रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने यहां कहा कि मौजूदा सरकार की नीतियों ने देश की आर्थिक स्थिति को खस्ताहाल कर दिया है। नई नौकरियां मिलने की बात तो दूर जो पहले से काम कर रहे थे उनकी भी नौकरियां जा रही हैं। देशभर में मंदी का माहौल है। हालात ये है कि बड़ी कंपनियां, मिल एसोसिएशन विज्ञापन देकर कह रहे हैं कि हम डूब रहे हैं, हमें बचाया जाए लेकिन सरकार का ध्यान आम लोगों की तरफ नहीं है। प्रियंका गांधी की मां, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी रायबरेली की सांसद हैं।












Click it and Unblock the Notifications