PM मोदी से प्रियंका गांधी ने पूछा, अतीत में क्यों फंसे हैं, 70 साल की बात करतें हैं बताइए 7 साल में क्या किया
नई दिल्ली, 10 फरवरी। संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से कांग्रेस और पंडित जवाहर लाल नेहरू के बयानों का जिक्र किया उसपर प्रियंका गांधी ने पलटवार किया है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं आश्चर्यचकित हूं कि पीएम मोदी अभी भी पुरानी बातों में फंसे हैं। नरेंद्र मोदी अब सात साल से देश के प्रधानमंत्री हैं, लेकिन अभी भी वह अतीत में फंसे हैं। पिछले सात साल के बारे में पीएम मोदी बात क्यों नहीं करते हैं, आखिर वह भविष्य के बारे में बात क्यों नहीं करते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि पिछले सात साल में कितने रोजगार दिए। उन्हें बताना चाहिए कि कितने लोगो को गरीबी रेखा के ऊपर लेकर आए।
Recommended Video

पीएम मोदी दें जवाब
प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं जनता से कहना चाहती हूं कि यह चुनाव आपके लिए है, गरीबी पूरे प्रदेश में है, महंगाई से आप इतने संकट में है। बढ़ती हुई महंगाई का आप सामना नहीं कर पा रहे हैं, रोजगार नहीं है। इन मुद्दों पर अपना वोट दीजिए। अपना वोट व्यर्थ मत कीजिए। मैं पूछना चाहती हूं कि प्रधानमंत्री अतीत में क्यों फंसे हैं, वह 70 सालों की बात करतें हैं, 7 सालों से वह प्रधानमंत्री हैं, इन सात सालों की वह बात क्यों नहीं करते हैं। भविष्य की बात क्यों नहीं करते हैं। ये क्यों नहीं बताते हैं कि इन सात सालों में कितने रोजगार पैदा किए हैं। कांग्रेस की सरकारों ने जिन लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया था वह वापस से फिर क्यों गरीबी रेखा के नीचे चले गए हैं। मुझे समझ नहीं आता है कि उनका कांग्रेस पार्टी और नेहरू जी के लिए इतनी सनक क्यों है। देखिए सब जानते हैं कि नेहरू जी ने इस देश के लिए क्या किया है। सब जानते हैं कि देश की स्वतंत्रता संग्राम में नेहरू जी की क्या भूमिका रही है। अब आप किसी तरह से इतिहास को मिटाना चाहते हैं तो प्रयास करिए, लेकिन सच्चाई तो सामने आएगी ही।
कोरोना काल पर दिया जवाब
खुद प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि कांग्रेस पार्टी ने लोगों को कोरोना काल में फ्री में टिकट दिए। हम क्या करते, उनकी तरह अपने घर के अंदर बैठे रहते जब लोग 500-600 किलोमीटर पैदल चल रहे थे। मां अपने बच्चे को सूटकेस पर बैठाकर सैकड़ों किलोमीटर घसीटकर ले जा रही थी। मुझे अच्छी तरह से याद है कि सूरत में 23 अमेठी के लड़के फंसे थे, वो फोन पर रोने लगे थे कि हमारे पास कुछ नहीं है। क्या हम भी ऐसा करते उन्हें ऐसे ही छोड़ देते जैसे इन लोगों ने छोड़ दिया। इन लोगों ने बिना चेतावनी के लॉकडाउन कर दिया। बसें रोक दी, ट्रेनें रोक दी।
क्या कहा था पीएम ने
बता दें कि पीएम मोदी ने संसद में अपने भाषण के दौरान कहा था कि आप हमेशा कहते रहते हैं कि मैं नेहरू जी का नाम नहीं लेता हूं, आज मैं उनका नाम बहुत बार लूंगा, इसका मजा लीजिए। संसद में पीएम मोदी ने कहा कि पंडित नेहरू ने लाल किले से कहा था कभी-कभी कोरिया में लड़ाई भी हमे प्रभावित करती है। इसके चलते वस्तुओं की कीमतें बढ़ जाती हैं और यह हमारे नियंत्रण से भी बाहर हो जाती है। अगर अमेरिका में भी कुछ हो जाता है तो इसका असर भी वस्तुओं की कीमत पर पड़ता है। सोचिए तब महंगाई की समस्या कितनी गंभीर थी कि नेहरू जी को लाल किले से हाथ ऊपर करने पड़े थे। देश के सामने देश का पहले प्रधानमंत्री महंगाई के सामने हाथ ऊपर कर देता है। अगर कांग्रेस आज सत्ता में होती लेकिन देश का नसीब है कि देश बच गया। लेकिन अगर आज कांग्रेस सत्ता में होती तो महंगाई पुराने कोरोना के खाते में जमा करके निकल जाते। लेकिन हम इस समस्या के समाधान के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं। आज दुनिया में अमेरिका और ओईसीडी देशों में महंगाई करीब 7 फीसदी है।












Click it and Unblock the Notifications