अब प्रियंका गांधी ने समझाई 'मोदी सरकार की क्रोनोलॉजी', कहा- पहले वो आपसे..
प्रियंका गांधी ने अमित शाह के उस बयान को लेकर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी पर पहले आप क्रोनोलॉजी समझिए...
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। शुक्रवार को भी दिल्ली में जामा मस्जिद और यूपी भवन के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने इन दोनों मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उस बयान को लेकर तंज कसा है, जिसमें उन्होंने कहा था कि नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को लेकर पहले आप क्रोनोलॉजी समझिए। प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर अमित शाह और भाजपा दोनों पर निशाना साधा है।

'क्रोनोलॉजी समझिए आप'
प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा, 'क्रोनोलोजी समझिए आप -
- पहले वो आपसे दो करोड़ नौकरियां का वादा करेंगे
- फिर वो सरकार बनाएंगे
- फिर वो आपकी यूनिवर्सिटीज बर्बाद करेंगे
- फिर वो देश का संविधान बर्बाद करेंगे
- फिर आप प्रोटेस्ट करेंगे
- फिर वो आपको "फूल" बोलेंगे
लेकिन यंगिस्तान मैदान में डटा रहेगा।
अमित शाह ने क्या कहा था
आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान अमित शाह ने एक बयान देते हुए कहा था, 'आप क्रोनोलॉजी समझ लीजिए। सबसे पहले नागरिकता संशोधन बिल आएगा और उसके एनआरसी आएगा। और, एनआरसी केवल बंगाल के लिए नहीं आएगा, बल्कि पूरे देश के लिए आएगा।' इसके बाद हाल ही में दिल्ली की एक रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनआरसी को लेकर अभी किसी तरह की कोई चर्चा नहीं है। गृह मंत्री अमित शाह ने भी एएनआई को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि एनआरसी को लेकर पीएम मोदी की बात ही सही है। उन्होंने कहा कि एनआरसी को लेकर अभी कोई चर्चा नहीं हो रही।

CAA के खिलाफ प्रदर्शन जारी
गौरतलब है कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर लगातार विरोध देखने को मिल रहा है। हाल ही में दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी, यूपी की अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी समेत बिहार, कर्नाटक और गुजरात में हिंसक विरोध प्रदर्शन देखने को मिले। हिंसक विरोध प्रदर्शनों को देखते हुए जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी और अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को 5 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों में यूपी में 16 लोगों की मौत की खबर है।












Click it and Unblock the Notifications