जायरा वसीम के अचानक बॉलीवुड छोड़ने पर प्रियंका चोपड़ा ने कही ये बात
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने कहा है कि फिल्मों से दूर होना जायरा वसीम का निजी फैसला है और वो इस पर कोई कमेंट करने का हक नहीं रखती हैं। जायरा वसीम ने कुछ समय पहले मजहब की ओर जाने की बात कहते हुए फिल्मों से रिटायर होने का ऐलान किया था। जायरा अपनी आखिरी फिल्म 'स्काई इज पिंक' में प्रिंयका के साथ नजर आएंगी। प्रियंका ने मुंबई मिरर के दिए एक इंटरव्यू में जायरा के फैसले पर जवाब दिया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म 'भारत' से हटने के चलते सलमान खान से रिश्ते और आने वाली फिल्मों के बारे में भी बात की है।

जायरा क्या करेंगी, ये हम नहीं तय कर सकते
प्रियंका चोपड़ा ने जायरा को लेकर हुए सवाल पर कहा कि ये जायरा का निजी फैसला था। हम ये डिसाइड नहीं कर सकते कि किस को क्या करना चाहिए और क्या नहीं करना चाहिए। वो एक बेहतरीन अदाकारा हैं और मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दूंगी। प्रियंका ने ये भी कहा कि मैंने कभी उनसे इस बारे में बात नहीं की। जायरा के फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने के फैसले पर काफी चर्चा हुई थी। जायरा ने अपनी आखिरी फिल्म स्काई इज पिंक की शूटिंग कुछ समय पहले प्रियंका और फरहान अख्तर के साथ पूरी की है।

सलमान खान से रिश्ते पर बोलीं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी शादी के वक्त सलमान खान के साथ फिल्म भारत करने से मना कर दिया था। सलमान खान ने इस पर कमेंट करते हुए कहा था कि लड़कियां उनके साथ फिल्म के लिए शादी छोड़ देती हैं लेकिन प्रियंका चोपड़ा ने भारत की जगह शादी को चुना। ऐसा कहा गया कि प्रियंका के फैसले के बाद दोनों के बीच रिश्ते सहज नहीं हैं। प्रियंका ने इस पर कहा, सलमान खान कमाल के हैं। मैंने हमेशा उनकी प्रशंसा की है। वह मेरे और निक के रिसेप्शन पर भी आए थे, हमारे घर गए थे। मेरी उनकी बहन अर्पिता से बहुत अच्छी दोस्ती भी है। ये कहना है कि मेरा उनसे रिश्ता कुछ असहज है बिल्कुल गलत होगा।

स्काई इज पिंक के प्रमोशन में बिजी प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा अमेरिकी सिंगर निक जोनस से शादी करने के बाद भारत में कम समय ही रही हैं। फिल्मों में भी वो बहुत ज्यादा बिजी नहीं हैं। हालांकि उन दिनों वो अपनी आने वाली फिल्म स्काई इज पिंक के प्रमोशन में लगी हैं। द स्काई इज पिंक 11 अक्टूबर को रिलीज होगी। फिल्म में उनके साथ फरहान अख्तर और जायरा वसीम हैं।












Click it and Unblock the Notifications