पेगासस विवाद- अधीर रंजन चौधरी ने की IT मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की मांग
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मांग की कि पेगासस मुद्दे पर सदन को जानबूझकर गुमराह करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाया जाए।
नई दिल्ली, 30 जनवरी। पेगासस स्पाईवेयर मामले पर ताजा विवाद के बीच, कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने रविवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर मांग की कि पेगासस मुद्दे पर सदन को जानबूझकर गुमराह करने के लिए सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार प्रस्ताव लाया जाए। लोकसभा में विपक्ष के नेता अधीर रंजन चौधरी ने न्यूयॉर्क टाइम्स में छपी उस खबर के बाद लोकसभा स्पीकर को चिट्ठी लिखी जिसमें दावा किया गया कि इजरायली स्पाइवेयर पेगासस और एक मिसाइल प्रणाली 2017 में भारत और इजराइल के बीच हुए परिष्कृत हथियारों और खुफिया गियर के लगभग 2 बिलियन डॉलर के सौदे के केंद्र बिंदु' थे।

अधीर रंजन चौधरी ने लोकसभा अध्यक्ष को लिखी चिट्ठी
अधीर रंजन चौधरी ने अपने पत्र में लिखा, 'पेगासस मुद्दे ने पिछले साल संसद के मानसून सत्र को हिलाकर रख दिया था और विपक्षी दलों ने इस घोटाले पर चर्चा की मांग की थी कि सरकार राजनीतिक नेताओं, पत्रकारों, न्यायाधीशों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की स्पाइवेयर के माध्यम से जासूसी कर रही है।' उन्होंने आगे लिखा- सरकार, सदन के पटल पर, हमेशा यह कहती रही कि उसका पेगासस स्पाइवेयर से कोई लेना-देना नहीं है और उसने कभी भी एनएसओ समूह से स्पाइवेयर नहीं खरीदा। जब सुप्रीम कोर्ट ने मोदी सरकार से इसकी खरीद और इसकी तैनाती के बारे में पूछा तो उन्होंने वहां भी झूठ बोल दिया। एक शपथ पत्र में, सरकार ने कहा, 'स्पष्ट रूप से, हम पेगासस मुद्दे पर सरकार के खिलाफ किसी भी और सभी आरोपों से इनकार करते हैं।'
क्या कहती है न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट
बता दें कि न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत सरकार ने पेगासस को 2017 में इजरायल से खरीदा था। इस समय पीएम मोदी इजरायल की यात्रा पर थे। तब भारत ने इजरायल के साथ दो बिलियन डॉलर का रक्षा सौदा किया था। दावा किया गया है कि इसी के तहत पेगासस खरीदा गया था। हालांकि दोनों देशों में से किसी ने भी इस बात को स्वीकार नहीं किया है कि भारत ने स्पाइवेयर खरीदा था।
यह भी पढ़ें: फिर चर्चा में Baba Ka Dhaba: बंद हुआ बाबा का नया रेस्टोरेंट, वापस वहीं पहुंचे जहां से किया था शुरू
मामले के तूल पकड़ने पर पीएम ने जारी किया वीडियो
मामले को दोबारा तूल पकड़ते ही पीएम मोदी ने सभी आरोपों प्रतिक्रिया देते हुए भारत-इजराइल के 30 साल पुराने संबंधों को लेकर शनिवार को एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के लिए नए लक्ष्य निर्धारित करने के लिए इससे बेहतर समय नहीं हो सकता।












Click it and Unblock the Notifications