पहले गरीब सरकार के पीछे दौड़ता था, अब सरकार उनके पास जाती है: पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत बने 1.75 लाख घरों के 'गृह प्रवेशम् कार्यक्रम' का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने योजना के लाभार्थियों से भी बातचीत की और कहा कि अगर आज कोविड-19 की विषम परिस्थितियां न होतीं तो आपका यह प्रधानसेवक आपके बीच में रहकर आपकी खुशियों में भागीदार बनता।
Recommended Video

लाभार्थियों को अपना पक्का घर मिला
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, आज मध्यप्रदेश के अनेक लाभार्थियों को उनके सपनों का घर मिला है। गृह प्रवेश करने वाले सभी बन्धुओं को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। ये साथी टेक्नोलॉजी के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़े हैं। आज मध्य प्रदेश के लाभार्थियों को अपना पक्का घर मिला है, अपने सपनों का घर मिला है। एक नया विश्वास आपके मन में पैदा हुआ है। मध्य प्रदेश के 1.75 लाख ऐसे परिवार जो अपने घर में आज प्रवेश कर रहे हैं, उन सभी को मैं बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
उन्होंने कहा, इस बार आप सभी की दीवाली, आप सभी के त्योहारों की खुशियां कुछ और ही होंगी। कोरोना काल नहीं होता तो आज आपके जीवन की इतनी बड़ी खुशी में शामिल होने के लिए, आपके घर का एक सदस्य, आपका प्रधानसेवक आपके बीच होता। आज का ये कार्यक्रम मध्य प्रदेश सहित देश के सभी बेघर साथियों को एक विश्वास देने वाला भी पल है। जिनका अब तक घर नहीं, एक दिन उनका भी घर बनेगा, उनका भी सपना पूरा होगा।

घर बेहतर भविष्य का नया आधार
प्रधानमंत्री ने कहा, आज का ये दिन करोड़ों देशवासियों के उस विश्वास को भी मजबूत करता है कि सही नीयत से बनाई गई सरकारी योजनाएं साकार भी होती हैं और उनके लाभार्थियों तक पहुंचती भी हैं। जिनको आज अपना घर मिला है, उनके संतोष और आत्मविश्वास को मैं अनुभव कर सकता हूं। मैं आप सभी साथियों से यही कहूंगा की ये घर आपके बेहतर भविष्य का नया आधार है। यहां से आप अपने नए जीवन की नई शुरुआत कीजिए। अपने बच्चों को, अपने परिवार को अब आप नई ऊंचाइयों पर लेकर जाइए। आप आगे बढ़ेंगे तो देश भी आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा, सामान्य तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक घर बनाने में औसतन 125 दिन का समय लगता है। कोरोना काल में पीएम आवास योजना के तहत घरों को सिर्फ 45 से 60 दिन में ही बनाकर तैयार कर दिया गया है। आपदा को अवसर में बदलने का ये उत्तम उदाहरण है। आवास निर्माण की तेजी में बहुत बड़ा योगदान रहा शहरों से लौटे हमारे श्रमिक साथियों का। हमारे इन साथियों ने प्रधानमंत्री गरीब कल्याण रोजगार अभियान का पूरा लाभ उठाते हुए अपने परिवार को संभाला और अपने गरीब भाई-बहनों के लिए घर भी तैयार किए।

पहले गृह प्रवेश ही नहीं हो पाता था
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, पीएम गरीब कल्याण अभियान के तहत घर तो बन ही रहे हैं। हर घर जल पहुंचाने का काम हो, आंगनबाड़ी और पंचायत के भवनों का निर्माण हो, पशुओं के लिए शेड बनाना हो, तालाब और कुएं बनाना हो, गांव के विकास से जुड़े ऐसे अनेक काम तेजी से किए गए हैं। मुझे कई बार लोग पूछते हैं कि घर तो पहले भी गरीबों के लिए बनते थे। वैसे दशकों से गरीबों के लिए घर बनाने की योजनाएं चल रही हैं। लेकिन करोड़ों गरीबों को घर देने का लक्ष्य था, वो कभी पूरा नहीं हो पाया। पहले गरीब सरकार के पीछे दौड़ता था, अब सरकार लोगों के पास जा रही है। अब किसी की इच्छा के अनुसार लिस्ट में नाम जोड़ा या घटाया नहीं जा सकता। चयन से लेकर निर्माण तक वैज्ञानिक और पारदर्शी तरीका अपनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा, पहले जो घर बनते थे उनमें पारदर्शिता की भी कमी थीं, कई गड़बड़ियां भी होती थीं, इसलिए उन घरों की क्वालिटी भी बहुत बेकार होती थी। लाभार्थियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर भी लगाने होते थे। पहले जो घर बनते उनमें गृह प्रवेश ही नहीं हो पाता था। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब को सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि उज्ज्वला योजना, उजाला योजना, शौचालय, आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी मिल रहा है।

इन घरों में भी अपने ही रंग हैं
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जैसे इंद्रधनुष में अलग-अलग रंग होते हैं वैसे ही पीएम आवास योजना के अंतर्गत बनने वाले घरों में भी अपने ही रंग हैं। अब गरीब को सिर्फ घर ही नहीं मिल रहा है बल्कि घर के साथ शौचालय, गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, एलईडी बल्ब, पानी कनेक्शन सबकुछ मिल रहा है। मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं, उनके नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रदेश की गरीब जनता को सभी योजनाओं का लाभ देने के लिए निरंतर कार्यरत है। पीएम आवास योजना के तहत बन रहे घर की रजिस्ट्री ज्यादातर महिला के नाम पर हो रही है या फिर साझी हो रही है। हमारी ग्रामीण बहनों के जीवन को बदलने में भी ये योजनाएं अहम भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने कहा, जब गरीब की आय व आत्मविश्वास बढ़ता है तो आत्मनिर्भर भारत का संकल्प भी मजबूत होता है। पहले गांवों की मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया गया, अब वहां आधुनिक सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है। आज गांवों में बड़ी मात्रा में रानी मिस्त्री या महिला राज मिस्त्री के लिए काम के नए अवसर बन रहे हैं। अकेले मध्य प्रदेश में ही 50 हजार से ज्यादा राज मिस्त्रियों को प्रशिक्षित किया गया है और इसमें से 9 हजार रानी मिस्त्री हैं। आने वाले 1,000 दिनों में देश के करीब 6 लाख गांवों में ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का काम पूरा किया जाएगा। पहले देश की 2.5 लाख पंचायतों तक फाइबर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था, अब इसको गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, जब गांव में बेहतर और तेज इंटरनेट आएगा, वाई-फाई हॉटस्पॉट बनेंगे, तो गांव के बच्चों को पढ़ाई और युवाओं को कमाई के बेहतर अवसर मिलेंगे। गांव अब वाई-फाई के ही हॉटस्पॉट से नहीं जुड़ेंगे, बल्कि आधुनिक गतिविधियों के व्यापार-कारोबार के भी हॉटस्पॉट बनेंगे। 'जब तक दवाई नहीं, तब तक ढिलाई नहीं!' सभी लोग यह बात गांठ बांध लें। दो गज की दूरी रखें और मास्क अनिवार्य रूप से लगाएं। मैं आप सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री ने क्या कहा?
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज पूरा प्रदेश प्रफुल्लित और प्रसन्न है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करकमलों से आज मध्यप्रदेश के लाखों गरीब नागरिकों को अपने सपनों का घर मिलने जा रहा है। माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम 20 लाख आवासों में से 17 लाख मकान बना चुके हैं। प्रधानमंत्री का सपना है कि देश के हर गरीब का अपना घर हो। उनके आशीर्वाद से मध्य प्रदेश तेजी से इस दिशा में बढ़ रहा है। उनके आशीर्वाद से गरीबों को नाम मात्र मूल्य पर अनाज मिल रहा है। महिलाओं को उज्जवला योजना के अंतर्गत गैस सिलेंडर मिल रहे हैं। गरीबों को आयुष्मान भारत के अंतर्गत सस्ता इलाज दिलाया जा रहा है। मैं प्रदेश की जनता की ओर से अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से भारत की दिशा और दशा बदलने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं, उनका हार्दिक अभिनंदन करता हूं।
क्या 2015 की तरह इस बार भी बिहार में फेल होगा भोजपुरिया ब्रांड मोदी?












Click it and Unblock the Notifications