नरेन्द्र मोदी करेंगे तीनों सेना प्रमुख से मुलाकात, सीमा विवाद पर चर्चा संभव
नई दिल्ली। पड़ोसी देशों के साथ चल रहे तनाव भरे बयानों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के तीनों सेना प्रमुखों से मिलेंगे। शुक्रवार को पहली बार मोदी मुलाकात कर 'कंबाइंड कमांडर्स कांफ्रेंस' को संबोधित करेंगे। इस दौरान रक्षा मंत्री अरूण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृह मंत्री राजनाथ सिंह समेत केबिनेट के कुच सहयोगी भी मौजूद रहेंगे।

गौरतलब है कि, पिछले कुछ महीनों से भारत पाकिस्तान और चीन दोनों ओर से ही तनाव भरे रिश्ते से जूझ रहा है। आए दिन पाक के सीजफायर उल्लंघन और चीन की घुसपैठ की घटनाएं विवादों को और हवा दे रही है। लिहाजा, इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री देश की सुरक्षा स्थिति के बारे में सेना प्रमुखों से जानकारी लेंगे। इसमें पाकिस्तान और चीन से सीमा विवाद पर चर्चा होने की उम्मीद है। माना जा रहा है कि वह तीनों सेनाध्यक्षों को पाकिस्तान और चीन के साथ सीमा पर रणनीति को लेकर निर्देश दे सकते हैं।
चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी का अध्यक्ष होने के नाते वायुसेना प्रमुख अरूप राहा तीनों बलों से जुड़े मुद्दों के बारे में प्रधानमंत्री को सबसे पहले जानकारी देंगे। नौसेना प्रमुख आरके धवन और थल सेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग भी अंतरराष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय परिदृश्य से जुड़ी चुनौतियों की रूपरेखा पेश करेंगे। इस बैठक को रक्षा मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और गृह मंत्री राजनाथ सिंह भी संबोधित करेंगे।
पाक की ओर से एलओसी पर हो रहा युद्धविराम उल्लंघन और अरूणाचल प्रदेश में भारत की ओर से बन रही सड़क पर चीन की ओर से मिल धमकियों जैसे मुद्दे पर चर्चा होने की उम्मीद है। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरक्षा पर जहां अपना नजरिया पेश करेंगे वहीं देश की सुरक्षा को लेकर सेना प्रमुखों की राय भी जानेंगे।












Click it and Unblock the Notifications