पीएम मोदी ने इंडियन स्पेस एसोसिएशन का किया शुभारंभ, बताए चार उद्देश्य
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को इंडियन स्पेस एसोसिएशन की शुरुआत की। वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी ने भारतीय अंतरिक्ष संघ (ISpA) का शुभारंभ करते हुए स्पेस इंडस्ट्री के प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत की। इस दौरान पीएम ने कहा कि भारत में स्पेस सेक्टर और स्पेस टेक्नोलॉजी को लेकर बड़े बदलाव हो रहे हैं। इंडियन स्पेस एसोसिएशन इन्हीं बदलावों की एक कड़ी है।

पीएम मोदी ने 'लॉन्च ऑफ इंडियन स्पेस एसोसिएशन' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया कि ISpA स्पेस इंडस्ट्री से संबंधित मामलों पर सिंगल विडो और स्वतंत्र एजेंसी के रूप में काम करेगा। इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि जब हम स्पेस रिफॉर्म्स की बात करते हैं तो हमारी अप्रोच 4 स्तंभों पर आधारित है। प्राइवेट सेक्टर को इनोवेशन की आजादी, सरकार की संबल के रूप में भूमिका, भविष्य के लिए युवाओं को तैयार करना और स्पेस सेक्टर को सामान्य मानवी की प्रगति के संसाधन के रूप में देखना।
इसी के साथ पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान सिर्फ एक विजन नहीं है बल्कि एक सुविचारित, सुनियोजित एकीकृत आर्थिक रणनीति भी है। एक ऐसी रणनीति जो भारत के उद्यमियों, भारत के युवाओं के कौशल की क्षमताओं को बढ़ाकर, भारत को ग्लोबल मैन्युफैक्चरिंग पावर हाउस बनाए। उन्होंने कहा कि हमने देखा है कि 20वीं सदी में स्पेस और स्पेस पर राज करने की प्रवृत्ति ने दुनिया के देशों को किस तरह विभाजित किया। अब 21वीं सदी में स्पेस, दुनिया को जोड़ने में, यूनाइट करने में अहम भूमिका निभाए, ये भारत को सुनिश्चित करना होगा।
इससे पहले पीएम मोदी कार्यक्रम को सबोधित करते हुए कहा था कि आज जितनी निर्णायक सरकार भारत में है, इतनी पहले कभी नहीं रही। स्पेस क्षेत्र और स्पेस तकनीक को लेकर आज भारत में जो रिफॉर्म हो रहे हैं, वो इसी की कड़ी है। मैं इंडियन स्पेस एसोसिएशन के गठन के लिए बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications