वलसाड में पीएम मोदी बोले, देश में अब कोई बेईमानी नहीं होती है, पूरा पैसा गरीबों तक पहुंचता है
गांधीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक दिन के दौरे पर गुजरात पहुंच गए हैं। यहां वलसाड के जुजवा गांव में पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के एक लाख से अधिक लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे। इसके बाद मोदी सौराष्ट्र क्षेत्र के जूनागढ़ जिले में अपराह्न लगभग दो बजे 275 करोड़ रुपये की लागत से 300 बिस्तर के आधुनिक सुविधाओं से युक्त सरकारी अस्पताल का उद्घाटन करेंगे तथा 'जूनागढ़ कृषि विश्वविद्यालय' में नए मत्स्यपालन कॉलेज में महिला छात्रावास का उद्घाटन करेंगे।

PM नरेन्द्र मोदी ने वलसाड में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र बांटे। पीएम मोदी इन लाभार्थी महिलाओं के साथ बातचीत कर रहे हैं। पीएम ने 1,727 करोड़ रुपए की लागत से 'प्रधानमंत्री आवास योजना' (ग्रामीण) योजना के अंतर्गत 1.15 लाख आवासों को उनके लाभार्थियों को समर्पित किए।
जूनागढ़ में PM नरेंद्र मोदी ने कहा कि, स्वच्छता पर सरकार के प्रयासों की सार्वभौमिक रूप से सराहना की जा रही है। स्वच्छता महत्वपूर्ण है क्योंकि एक स्वच्छ भारत यह सुनिश्चित करता है कि लोग बीमारियों से ग्रस्त न हों। स्वास्थ्य के क्षेत्र में अच्छे डॉक्टरों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की आवश्यकता होती है। हम भारत में चिकित्सा उपकरणों को भी बनाना चाहते हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र को विश्व स्तर पर तकनीकी प्रगति के साथ तालमेल रखना चाहिए।
पीएम मोदी ने कहा कि, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और आयुष भारत योजना देश में स्वास्थ्य क्षेत्र को बदल देगी। ये योजनाएं गरीबों को शीर्ष श्रेणी की स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करेंगी, वह भी सस्ती कीमतों पर।
इससे पहले वलसाड में रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, रक्षा बंधन का पर्व सामने हो और गुजरात में एक लाख से भी अधिक परिवारों और बहनों को उनके नाम से अपना घर मिले मैं समझता हूँ रक्षा बंधन का इसे बड़ा कोई उपहार नहीं हो सकता। पीएम मोदी ने कहा कि, गुजरात ने मुझे बड़ा बनाया है, गुजरात के लोगों ने मेरी परिवरिश की है।
पीएम मोदी ने वलसाड में 600 करोड़ की पानी की परियोजना का उद्धाटन किया। जल संकट पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, पानी का संकट सबसे अधिक महिलाओं के झेलना पड़ता है। पीने का शुद्ध जल परिवार को अनेक बीमारियों से बचाता है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि, आज अगर दिल्ली से एक रुपया निकलता है तो पूरे सौ पैसे गरीबों के घरो तक पहुंच रहे हैं। आज हम हिम्मत के साथ कह सकते हैं कि हर काम बिना किसी रिश्वत के साथ हुआ है। लोगों के सपने समयबद्ध तरीकों से पूरा करने की कोशिश कर रहा हूं। 2022 तक हर भारतीय के पास अपना घर होगा।
पीएम मोदी ने कहा कि, देश में एक समय था जब देश में बैंक तो थे लेकिन देश का गरीब बैंकों में प्रवेश नहीं कर पाता था और एक आज का समय है, हमनें बैंकों को ही गरीब के घर के सामने लाके खड़ा कर दिया है।प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले 1-2 साल में हिंदुस्तान के हर घर में बिजली पहुंच जाएगी।
उन्होंने कहा कि गुजरात ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है, गुजरात ने ही मुझे बड़ा किया है। 2022 में जब आजादी के 75 साल पूरे होंगे, तब हिंदुस्तान के हर परिवार के पास उसका घर होगा। पहले नेताओं के घर बनने की खबरें आती थीं, लेकिन अब गरीबों के घर की खबरें आ रही हैं।
PM मोदी ने कहा कि पिछला सप्ताह हमारे लिए काफी कठिन रहा है, अटल बिहारी वाजपेयी अब नहीं रहे। लेकिन उन्होंने गांवों को सड़कों से जोड़ने का काम किया, उनका सपना हम पूरा करेंगे।
जूनागढ़ में मोदी पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज ग्राउंड में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। दिल्ली रवाना होने से पहले पीएम सोमनाथ मंदिर न्यास की बैठक में भी शामिल हो सकते हैं जिसके वह एक ट्रस्टी हैं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी इस मंदिर में ट्रस्टी हैं और वह भी बैठक में भाग ले सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications