VIDEO: राष्ट्रपति मुर्मू का नया कीर्तिमान, तेजपुर एयरबेस से Sukhoi-30 फाइटर जेट में भरी उड़ान
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को सुखोई-30 विमान में उड़ान भरी। उनसे पहले अब्दुल कलाम और प्रतिभा पाटिल ने ऐसा किया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को एक बड़ा कीर्तिमान रचा, जहां उन्होंने देश के हाईटेक सुखोई 30 लड़ाकू विमान में उड़ान भरी। उनसे पहले एपीजे अब्दुल कलाम और प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी।
दरअसल राष्ट्रपति मुर्मू 6 अप्रैल से असम के दौरे पर हैं। वहां पर उन्होंने काजीरंगा हाथी उत्सव का उद्घाटन किया। इसके बाद शनिवार को वो तेजपुर एयरबेस का निरीक्षण करने पहुंचीं। वहां पर वायुसेना के अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों को लेकर राष्ट्रपति को ब्रीफ किया।
इसके बाद राष्ट्रपति ने फाइटर पायलट ड्रेस पहनी और सुखोई में सवार हुईं। फिर उन्होंने हवा में सुखोई विमान की ताकत देखी। कुछ देर तक हवा में रहने के बाद वापस उनके विमान ने तेजपुर एयरबेस पर लैंड किया।
2009 में प्रतिभा पाटिल ने रचा था कीर्तिमान
नवंबर 2009 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने भी ये कीर्तिमान रचा था। उस दौरान उन्होंने पुणे के लोहगांव एयरफोर्स बेस से सुखोई विमान में उड़ान भरी थी। उनसे पहले एपीजे अब्दुल कलाम ने सुपरसोनिक लड़ाकू विमान सुखोई-30 में पूरे 30 मिनट तक उड़ान भरी थी।
तेजपुर एयरबेस काफी अहम
आपको बता दें कि इससे पहले के सभी राष्ट्रपति ने पुणे एयरबेस से उड़ान भरी थी, जबकि द्रौपदी मुर्मू ने तेजपुर एयरबेस को चुना, जो सामरिक दृष्टि से काफी ज्यादा महत्वपूर्ण है। चीन की सीमा पास होने की वजह से यहां पर हमेशा अलर्ट रहता है।
क्यों खास है सुखोई?
सुखोई-30 एमकेआई को 4.5 जनरेशन का लड़ाकू विमान माना जाता है। भारत ने कुल 272 विमान खरीदे थे, जिसमें से कई क्रैश भी हो चुके हैं। ये विमान लीयुल्का एल-31एफपी आफ्टरबर्निंग टर्बोफैन इंजन से लैस है, जो उसे 123 किलोन्यूटन की ताकत देता है। इस विमान की अधिकतम गति 2120 किलोमीटर प्रतिघंटा है, जबकि ज्यादा ऊंचाई पर रेंज 3000 किलोमीटर है। वहीं अगर बीच रास्ते में ईंधन भर दिया जाए तो सुखोई-30MKI 8000 किलोमीटर की रेंज तक जा सकता है।
ब्रह्मोस दागने में सक्षम
ब्रह्मोस भारत की सबसे हाईटेक परमाणु मिसाइल है। सुखोई विमान से इसका सफल परीक्षण किया गया था। इसके अलावा इसमें कई अन्य घातक हथियार भी लग सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications