ड्यूटी पर तैनात गर्भवती महिला पुलिसकर्मी को DGP ने दी आराम करने की सलाह, मिला भावुक कर देने वाल जवाब
नई दिल्ली: भारत समेत दुनिया के सभी देशों को कोरोना ने अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोना के कहर से बचने के लिए एक ओर जहां लोग घरों में कैद हैं, तो वहीं दूसरी ओर पुलिसकर्मी अपनी जान की परवाह किए बिना फ्रंट लाइन पर तैनात हैं। इस दौरान कई बहादुर पुलिसकर्मी ऐसे हैं, जिनकी बहादुरी के किस्से आने वाले समय में देश याद रखेगा। अब सोशल मीडिया पर एक गर्भवती महिला पुलिसकर्मी की फोटो वायरल हो रही है, जो इस दौर में छुट्टी लेने के बजाए ड्यूटी पर तैनात है। महिला के इस जज्बे को लोग सलाम कर रहे हैं।

डीजीपी ने की तारीफ
दरअसल ओडिशा के डीजीपी लॉकडाउन का जायजा लेने मयूरभंज इलाके में गए थे। इस दौरान वहां उन्होंने एक आठ महीने की गर्भवती महिला एसआई को ड्यूटी करते हुए देखा। महिला पुलिसकर्मी के देश सेवा के इस जज्बे को देख डीजीपी ने उसकी जमकर तारीफ की। मामले में ओडिशा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि एसआई ममता मिश्रा ने कोरोना महामारी के इस दौर में छुट्टी लेने की बजाए ड्यूटी करना जरूरी समझा। वहीं उनके स्वास्थ्य को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने उन्हें फील्ड में ना भेजने की बजाए बेटनोटी थाने में तैनात कर दिया। मौजूदा वक्त में महिला एसआई पूरी ईमानदारी के साथ वहां पर ड्यूटी कर रही हैं।
नवनीत सिकेरा ने शेयर की फोटो
वहीं तेजतर्रार आईपीएस अधिकारी नवनीत सिकेरा ने महिला पुलिसकर्मी के इस जज्बे को सलाम किया है। उन्होंने फेसबुक पर उनकी फोटो पोस्ट करते हुए लिखा कि डीजीपी सर ने जब आठ माह की गर्भवती को ड्यूटी करते हुए देखा तो कहा कि आपको इस समय आराम करना चाहिए और घर पर रहना चाहिए। महिला पुलिसकर्मी ने विनम्रता से उत्तर देते हुए कहा कि सर इस समय ड्यूटी नहीं की तो पूरी जिंदगी आत्मग्लानि रहेगी, इस वजह से मेरे लिए ड्यूटी पहले है। उन्होंने आगे लिखा कि डीजीपी सर और महिलाकर्मी दोनों ही बधाई के पात्र हैं। डीजीपी सर ने अपने नेतृत्व की सहृदयता दिखाई तो पुलिसकर्मी ने अपने कर्तव्य की कर्मठता। आईपीएस सिकेरा के अलावा भी बड़ी संख्या में लोगों ने महिला पुलिसकर्मी की फोटो शेयर की है।

तीन मई तक लॉकडाउन का ऐलान
दुनियाभर में अब तक कोरोना से 28 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। जिनमें से एक लाख 97 हजार से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है। भारत में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में कोरोना वायरस पॉजिटिव मामलों की संख्या 24,942 हो गई है, जिनमें से 779 लोगों की मौत हुई है। देश में इस समय 18,593 एक्टिव केस हैं, जबकि 5210 मरीज ठीक होकर घर जा चुके हैं। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को रोकने के लिए भारत में तीन मई तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया है। पुलिसकर्मियों की ही मेहनत का नतीजा है कि देश में लॉकडाउन का सख्ती से पालन हो रहा है।












Click it and Unblock the Notifications