प्रतिमा भौमिक- त्रिपुरा की पहली स्थाई निवासी, जिन्होंने ली केंद्रीय मंत्री पद की शपथ
52 वर्षीय प्रतिमा भौमिक ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली, ऐसा करने वाले पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की पहली स्थायी निवासी बन गईं।
नई दिल्ली, 7 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर 2019 में संसद के लिए चुने जाने के दो साल बाद, 52 वर्षीय प्रतिमा भौमिक ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री के रूप में शपथ ली, ऐसा करने वाले पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा की पहली स्थायी निवासी बन गईं। प्रतिमा भौमिक के केंद्रीय मंत्री की शपथ लेने पर त्रिपुरा के मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए फेसबुक पर पोस्ट लिखा, 'त्रिपुरा के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है कि राज्य की नारीशक्ति की अग्रणी प्रतिनिधि प्रतिमा भौमिक जी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल हो गई हैं।' उन्होंने इसके लिए भौमिक को बधाई भी दी।

भौमिक का राजनीतिक सफर
साइंस से स्नातक प्रतिमा भौमिक 1991 में भाजपा में शामिल हुई थी। पार्टी में शामिल होने के एक साल बाद भौमिक भाजपा राज्य समिति की सदस्य बनीं और अगले वर्ष उन्हें पार्टी के धनपुर मंडल का प्रमुख बनाया गया। प्रतिमा ने पार्टी की युवा और महिला विंग की उपाध्यक्ष के रूप में भी काम किया। बाद में, 2016 में, उन्हें पार्टी का महासचिव बनाया गया। उन्होंने 1998 और 2018 के विधानसभा चुनावों में त्रिपुर के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे माणिक सरकार को दो बार चुनौती दी लेकिन हार गईं।
यह भी पढ़ें: मोदी कैबिनट में शामिल हुए 36 नए नए मंत्रियों की पूरी डिटेल
बाद में, उन्होंने 2019 के लोकसभा चुनावों में तत्कालीन सांसद शंकर प्रसाद दत्ता को 305,689 मतों के भारी अंतर से हराया। उनके पिता अध्यापक थे और उनके तीन भाई-बहन हैं। जीवन के शुरुआती दिनों में प्रतिमा ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खो-खो की प्रतियगिताओं में खेला करती थीं। वह सोनमुरा के बरनारायण में अपने पैतृक स्थान पर खेती का अभ्यास भी करती थीं।
उनसे पहले, पश्चिम बंगाल से डॉ त्रिगुणा सेन ने राज्यसभा में त्रिपुरा का प्रतिनिधित्व किया और पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी के मंत्रिमंडल में शिक्षा और पेट्रोलियम मंत्री बने। असम के रहने वाले संतोष मोहन देव ने 1989 में पश्चिम त्रिपुरा निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ा और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के मंत्रिमंडल में मंत्री बने।
गौरतलब है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने मंत्रिपरिषद में 36 नए चेहरों को शामिल किया, सात जूनियर मंत्रियों को पदोन्नत किया, और 12 मंत्रियों को हटा दिया।












Click it and Unblock the Notifications