कांग्रेस से जुड़े सवाल पर बोले प्रशांत किशोर- अपना फैसला वो खुद लेंगे, मैं नहीं
नई दिल्ली, 5 मई: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने गुरुवार को कहा है कि वो बिहार में तीन हजार किमी की पदयात्रा करेंगे और 17 हजार से ज्यादा लोगों से बात करेंगे। इसके बाद वो राजनीति में आने या नहीं आने पर फैसला लेंगे। प्रशांत के हाल ही में कांग्रेस में जाने की भी चर्चा थी। ऐसे में कांग्रेस को लेकर भी उनसे सवाल हुए। कांग्रेस से जुड़े सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि ये कांग्रेस को यह तय करना है कि वो आगे कैसे काम करना चाहते हैं, इस पर कांग्रेस पार्टी को फैसला लेना है ना कि मुझे।
Recommended Video

प्रशांत किशोर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को जो सही लगा वो निर्णय उन्होंने किया। मुझे लगता है कि कांग्रेस को किसी प्रशांत किशोर की आवश्यकता नहीं है, पार्टी के पास पहले से ही मुझसे ज्यादा समझदार और सक्षम लोग हैं। वे जानते हैं कि उन्हें क्या करना है और पार्टी को कैसे आगे लेकर जाना है।
फिलहाल पार्टी नहीं बना रहा
प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि वह 3000 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। यह पदयात्रा पश्चिमी चंपारण स्थित गांधी आश्रम से 2 अक्टूबर को शुरू होगी। पीके ने कहा कि अगले 3-4 महीनों में वह 17-18 हजार लोगों से मुलाकात करेंगे, जिससे बिहार को विकास की ओर ले जाने में नए आइडिया लिए जा सकें। प्रशांत किशोर ने फिलहाल अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने की बात नहीं कही है। उन्होंने इस संभावना से इनकार भी नहीं किया है, पदयात्रा और लोगों से मुलाकात के बाद वो इस पर फैसला ले सकते हैं।
प्रशांत किशोर ने राजद और जदयू को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि बिहार 30 साल के लालू और नीतीश के राज के बाद भी देश का सबसे पिछड़ा और गरीब राज्य है। विकास के कई मानकों पर बिहार आज भी देश के सबसे निचले पायदान पर है। बिहार अगर आने वाले समय में अग्रणी राज्यों की सूची में आना चाहता है तो इसके लिए नई सोच और नए प्रयास की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications