कांग्रेस में शामिल होंगे प्रशांत किशोर? राहुल गांधी के साथ वरिष्ठ नेताओं की बैठक में हुई चर्चा
नई दिल्ली, 29 जुलाई। चुनावी रणनीति बनाने में माहिर माने जाने वाले प्रशांत किशोर के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा तेज हो गई है। इसी सिलसिले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक सप्ताह पहले पार्टी नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में एक बैठक की थी जिसमें यह चर्चा की गई थी कि क्या प्रशांत किशोर पार्टी की योजना में फिट हो सकते हैं।
Recommended Video

कांग्रेस के नेताओं की ये बैठक 22 जुलाई को हुई थी। वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, अजय माकन, आनंद शर्मा, हरीश रावत, अंबिका सोनी और केसी वेणुगोपाल जैसे नेता शामिल हुए थे।
राहुल गांधी ने बैठक में प्रशांत किशोर के साथ हाल ही में हुई अपनी मुलाकात के बारे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ साझा किया। प्रशांत किशोर ने कांग्रेस पार्टी के लिए योजना बताई थी जिसमें उन्होंने कथित तौर पर अपने लिए भी भूमिका की बात की थी।
पार्टी में शामिल करने पर बात
इंडिया टुडे ने बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ कांग्रेस सूत्र के हवाले से लिखा है कि राहुल गांधी ने प्रशांत किशोर को सिर्फ बाहर से सलाहकार बनाए जाने के बजाय कांग्रेस में शामिल होने की संभावना के बारे में बात की। बैठक में मौजूद नेताओं से इस विषय पर चर्चा की गई और उनके विचार लिए गए।
बैठक में इस बात पर सहमति नजर आई कि प्रशांत किशोर का जुड़ना पार्टी के लिए फायदे का सौदा हो सकता है। हालांकि उनकी भूमिका कैसी हो इस बात जरूर चर्चा हुई। इसमें यह जताया गया कि उन्हें बिलकुल फ्री हैंड देने की जगह सहयोगियों के साथ काम करने की जरूरत पर बल दिया गया। खासतौर पर जेडीयू के साथ उनके काम को देखते हुए, जिसके परिणाम अच्छे नहीं रहे थे, कांग्रेस उनके कार्यक्षेत्र को निर्धारित कर सकती है।
प्रशांत की एंट्री के लिए भूमिका तैयार
पार्टी के दूसरे नेताओं का भी मानना है कि कांग्रेस पार्टी को ऐसे समय में नए विचारों और नई रणनीति की जरूरत है। पार्टी नेताओं में ऐसा विचार है कि प्रशांत किशोर को पार्टी में लाने में कोई बुराई नहीं है। हालांकि उन्हें क्या जिम्मेदारी दी जाए इस बात पर निश्चित रूप से चर्चा की जा सकती है। कुछ नेताओं का मानना था कि कांग्रेस में बहुत क्षमता है और उन्हें अनुकूलन और बदलाव के लिए तैयार रहना चाहिए।
हालांकि इस बैठक को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर चुप्पी साध रखी है।
प्रशांत किशोर ने कुछ समय पहले ही राहुल गांथी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की थी। संभावना जताई गई थी कि बैठक में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए प्रशांत की भूमिका पर चर्चा हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications