प्रशांत किशोर के पूर्व सहयोगी सुनील कनुगोलू कांग्रेस के साथ आए, मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 04 मार्च: चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के पूर्व सहयोगी सुनील कनुगोलू अब कांग्रेस के चुनाव कैंपेन का काम देखेंगे। वो कांग्रेस में शामिल हो गए हैं, जिसके बाद उनको प्रचार की कमान सौंपी गई है। जानकारी के मुताबिक, सुनील 2023 से कांग्रेस के लिए 2024 के आम चुनाव के कैंपेन की योजना पर काम शुरू कर देंगे। वहीं राज्य चुनावों में भी कांग्रेस का प्रचार का जिम्मा संभालेंगे।

कनुगोलू 2014 में प्रशांत किशोर के साथ नरेंद्र मोदी के कैंपेन के लिए काम कर चुके हैं। इस चुनाव में बीजेपी को जबरदस्त जीत मिली थी। प्रशांत किशोर के सहयोगी के रूप में कनुगोलू ने भाजपा के अलावा द्रमुक, अन्नाद्रमुक और अकाली दल के साथ भी काम किया है। सुनील कनुगोलू 2017 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए काम कर चुके हैं। इस चुनाव में भी भाजपा को बहुमत हासिल हुआ था।
40 साल के सुनील कनुगोलू को लेकर कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा है कि वो आधिकारिक तौर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) में शामिल हो गए हैं। वह कर्नाटक बल्कि अन्य सभी चुनावों पर काम करेंगे। कनुगोलू के कांग्रेस में जाने को लेकर इसलिए भी चर्चा है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अमित शाह के साथ उनके अच्छे संबंध माने जाते हैं। ऐसे में उनकी कांग्रेस में एंट्री ने कई लोगों को चौंका दिया है। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ बैठक के बाद कनुगोलु को यह भूमिका दी गई है।
प्रशांत किशोर के केसीआर के साथ जुड़ने की चर्चा
चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर के इन दिनों तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के साथ जुड़ने की चर्चा है। प्रशांत किशोर ने हाल ही में हैदराबाद में तेलंगाना सीएम और टीआरएस प्रमुख चंद्रशेखर राव (केसीआर) से मुलाकात की थी। जिसके बाद उनके केसीआर के लिए काम करने की चर्चा है।












Click it and Unblock the Notifications