हिंदी सीखने की सलाह देने पर पवन कल्याण से भिड़े प्रकाश राज, वीडियो शेयर कर कह दी बड़ी बात!
दक्षिण भारतीय फिल्मों के दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने अपने को-स्टार और आंध्रा के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण पर जमकर निशाना साधा है। मामला पवन कल्याण के उस बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने दक्षिण भारत के लोगों को हिंदी सीखने की सलाह दी थी।
आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण हाल ही में हैदराबाद में सरकारी भाषा विभाग के 'दक्षिण संवाद' गोल्डन जुबली इवेंट में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ने में हिंदी भाषा की बड़ी भूमिका है। उन्होंने कहा कि दक्षिण राज्यों को हिंदी सीखनी चाहिए ताकि आपसी संवाद आसान हो सके।

'देश को जोड़ने के लिए हिंदी जरूरी'
पवन ने कहा, "तेलुगू हमारी मातृभाषा है लेकिन हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा है। घर में हम तेलुगू बोलते हैं लेकिन जब बाहर जाते हैं तो हिंदी की जरूरत पड़ती है। देश को जोड़ने के लिए हिंदी जरूरी है। हिंदी सीखने से अपनी पहचान नहीं जाती बल्कि मजबूत होती है।"
प्रकाश राज का पलटवार
पवन कल्याण के इस बयान से प्रकाश राज बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। उन्होंने पवन का वीडियो रीट्वीट करते हुए तेलुगू में लिखा, "ఈ range కి అమ్ముకోవడమా ....ఛి...ఛీ..." यानी "इतने सस्ते में बिक जाना? छी... शर्मनाक!" प्रकाश राज ने पवन के बयान को 'शर्मनाक' बताया और कहा कि अपनी मातृभाषा के सम्मान में कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
सोशल मीडिया पर हिंदी की वकालत
पवन कल्याण ने यह भी कहा कि अगर लोग विदेशी भाषा सीख सकते हैं तो हिंदी से परहेज क्यों? उन्होंने बताया कि वह खुद सोशल मीडिया पर हिंदी का इस्तेमाल करते हैं और दूसरों को भी इसे अपनाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारतीय फिल्मों को हिंदी में डब करने से अच्छी कमाई हो रही है, तो फिर हिंदी सीखने में बुराई क्या है?
सोशल मीडिया पर छिड़ी जंग
पवन कल्याण पर तंज करने के बाद जहां कुछ लोग प्रकाश राज के समर्थन में उतर गए हैं, वहीं कुछ लोग पवन कल्याण की बात को सही बता रहे हैं।
एक यूजर ने लिखा कि पवन कल्याण अपने राज्य की बाउंड्री दिल्ली तक फैला रहे हैं क्योंकि वो बीजेपी के समर्थन में हैं। वहीं दूसरे यूजर ने प्रकाश राज पर ही पवन कल्याण पर तंज करने के लिए निशाना साध दिया।
साथ में दिखेंगे दोनों कलाकार
गौरतलब है कि पवन कल्याण और प्रकाश राज दोनों जल्द ही 'OG' नाम की गैंगस्टर एक्शन फिल्म में साथ नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन सुजीत कर रहे हैं और इसमें इमरान हाशमी और प्रियंका मोहन भी हैं। अब देखना होगा कि ऑनस्क्रीन साथ नजर आने वाले ये दोनों बड़े सितारे ऑफस्क्रीन अपनी भाषा को लेकर उठे विवाद को कैसे संभालते हैं।












Click it and Unblock the Notifications