कोरोना मरीजों की इलाज के लिए प्रभास ने दान किया फिल्म का पूरा सेट, गोदाम में रखे थे ऑक्सीजन सिलेंडर्स
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने देशभर में कोहराम मचा रखा है। संक्रमित हो रहे लोगों की संख्या रोजाना 4 लाख से उपर आ रही है। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। बेड के लिए लोगों को दर-दर भटकना पड़ रहा है। इस त्रासदी में कई लोग मदद के लिए सामने भी आ रहे हैं। इसी क्रम में एक छोटी सी मदद साउथ के सुपर स्टार प्रभास की आने वाली फिल्म राधे श्याम के मेकर्स ने की है। फिल्म मेकर्स ने करोड़ों के सेट की पूरी प्रॉपर्टी एक प्राइवेट हॉस्पिटल को दान कर दी है ताकि कोरोना के मरीजों के इलाज हो सके।

अस्पताल की शूटिंग के लिए ही तैयार किया गया था सेट
फिल्म राधे श्याम में प्रभास के साथ पूजा हेगड़े लीड रोल में हैं। अस्पताल को जो सेट दान में दिया गया है वो फिल्म के लिए हॉस्पिटल की शूटिंग के लिए तैयार किया गया था। अंग्रेजी वेबसाइट इंडिया टूडे की खबर के मुताबिक फिल्म में इटली के एक 70 के दशक के हॉस्पिटल को दिखाने के लिए सेट तैयार किया गया था। इस सेट में 50 बेड्स, स्ट्रेचर्स, पीपीई किट्स, मेडिकल इक्विपमेंट्स से लेकर ऑक्सीजन सिलेंडर्स तक शामिल थे। ऐसे दौर में जब देश भर में बेड और ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मचा है तो सेट की पूरी प्रॉपर्टी को हैदराबाद के एक प्राइवेट हॉस्पिटल को दिया जाना कोविड मरीजों के इलाज के लिए मददगार साबित होगा।

अस्पताल पहुंचा दिया गया है सेट का पूरा सामान
शूटिंग खत्म होने के बाद सेट को हटा दिया गया था और इन सभी सामानों को गोदाम में रख दिया गया था। मगर कोरोना वायरस के कारण बेड और ऑक्सीजन की कमी को देखते हुए सेट का पूरा सामान गोदाम से निकाल कर प्राइवेट हॉस्पिटल को इस्तेमाल करने के लिए दे दिया गया। फिल्म मेकर्स के इस फैसले की जमकर तारीफ हो रही है।
कुछ दिनों पहले ही जारी हुआ था फिल्म राधे श्याम का पोस्टर
बीते 13 अप्रैल को प्रभास ने फिल्म राधे श्याम का पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इस पोस्टर में प्रभास को ब्राउन कलर की स्वैटशर्ट और चेकदार पैंट में देखा जा सकता है जो बिल्कुल रेट्रो लुक में है। पोस्टर में उन्होंने पिलक पकड़ा हुआ है और हंसते हुए दिख रहे हैं। पोस्टर में ऊपर लिखा हुआ है- कई त्यौहार, एक प्यार। पोस्टर के नीचे फिल्म का नाम और रिलीज डेट लिखी हुई है। फिल्म 30 जुलाई 2021 को रिलीज होने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications