Poll of Exit polls: गुजरात में बीजेपी को मिलेगी लगातार सातवीं जीत! क्या हिमाचल प्रदेश में भी बदलेगी परंपरा?
गुजरात और हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों से पहले आए एग्जिट पोल में गुजरात में भाजपा को प्रचंड जीत मिल रही है। वहीं हिमाचल पदेश में कांटे की टक्कर देखी जा सकती है।

Poll of Exit polls गुजरात और हिमाचल प्रदेश में चुनाव संपन्न होने के बाद अब नतीजों की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। दोनों राज्यों के चुनावी नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे, लेकिन नतीजों से पहले एग्जिट पोल ने इन दोनों राज्यों की तस्वीर लगभग-लगभग साफ कर दी है। तमाम न्यूज चैनलों के सर्वे गुजरात और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ दिल्ली एमसीडी चुनाव की स्थिति को भी स्पष्ट कर रहे हैं। कई एग्जिट पोल्स ने गुजरात में जहां बीजेपी को बहुमत दिखाया है तो वहीं हिमाचल प्रदेश में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर देखी जा सकती है। वहीं एमसीडी चुनाव में आम आदमी पार्टी अच्छा प्रदर्शन कर सकती है।
यहां हम आपको सभी सभी एग्जिट पोल्स का पूरा ब्यौरा दे रहे हैं। यहां देखिए पोल ऑफ एग्जिट पोल्स
गुजरात का पोल ऑफ एग्जिट पोल्स
इंडिया टुडे -एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार, गुजरात में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाती दिख रही है। इस सर्वे में बीजेपी को 182 विधानसभा सीटों में से 129-151, कांग्रेस गठबंधन को 16-30 और आम आदमी पार्टी को 9-21 सीटें मिलने का अनुमान है। जबकि अन्य के खाते में 2-6 सीटें जा सकती हैं।
एबीपी सी वोटर के सर्वे में भी गुजरात के अंदर बीजेपी को पूर्व बहुमत दिखाया गया है। इस सर्वे के मुताबिक, गुजरात में भाजपा को 128-140 सीटें मिल सकती हैं। वहीं कांग्रेस को 31-43, जबकि आम आदमी पार्टी को 3-11 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 2-6 सीटें जा सकती हैं।
टाइम्स नाउ का सर्वे बताता है कि गुजरात में भाजपा 182 सीटों में से 139 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस को 30 और आम आदमी पार्टी को 11, जबकि अन्य के खाते में 2 सीटें जाने का अनुमान है।
रिपब्लिक टीवी का सर्वे बताता है कि 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में बीजेपी 128-148 सीटें जीत सकती है। कांग्रेस-एनसीपी गठबंधन को 30-42 और आम आदमी पार्टी को 2-10 सीटें मिल सकती हैं। अन्य के खाते में 0-3 सीटें जा सकती हैं।
NewsX का सर्वे कहता है कि गुजरात में बीजेपी को 117-140 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 6-13 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं अन्य के खाते में 1-2 सीटें जा सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश का पोल ऑफ एग्जिट पोल्स
हिमाचल प्रदेश में हर 5 साल में सरकार बदलने की परंपरा बहुत पुरानी है। अगर कांग्रेस इस बार जीत दर्ज करती है तो यह रिकॉर्ड कायम रहेगा, लेकिन एग्जिट पोल के नतीजे तो कुछ और ही बयां कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश के चुनावी नतीजों से पहले एग्जिट पोल भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर को बयां कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर बहुमत का आंकड़ा 35 है और अलग-अलग सर्वे में दोनों पार्टियों को अलग-अलग सीटें मिल रही हैं।
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के सर्वे के अनुसार, बीजेपी को हिमाचल में 24-34 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 30-40 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी के खाते में शून्य सीट जा सकती है। अन्य के खाते में 4-8 सीटें जा सकती हैं।
एबीपी सी वोटर के सर्वे में बीजेपी को एकतरफ बहुमत दिखाया गया है। हालांकि कांग्रेस भी यहां ज्यादा पीछे नहीं है। एग्जिट पोल के मुताबिक, बीजेपी को 33-41 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 24-32 सीटें मिल सकती हैं। यहां भी आम आदमी पार्टी के खाते में 0 सीट जा सकती है।
इंडिया टीवी का सर्वे भी हिमाचल में बीजेपी को पूर्ण बहुमत दिखा रहा है। बीजेपी को यहां 35-40 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 26-31 सीटें मिलने का अनुमान है। आम आदमी को यहां भी एक भी सीट नहीं मिल रही है।
टाइम्स नाउ का सर्वे हिमाचल प्रदेश में भी बीजेपी को बहुमत दिला रहा है। इस सर्वे में यहां बीजेपी को 34-42 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस को 24-32 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी को यहां भी 0 सीट मिल सकती है।
न्यूज एक्स के सर्वे में हिमाचल प्रदेश के अंदर बीजेपी और कांग्रेस के बीच टक्कर देखने को मिल रही है। इस सर्वे के अनुसार, बीजेपी को 32-40 सीटें मिल सकती हैं, जबकि कांग्रेस को 27-34 सीटें मिल सकती हैं। आम आदमी पार्टी को 0 सीट मिल सकती है।












Click it and Unblock the Notifications