तारीखों के ऐलान के बाद विपक्ष ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल, बीजेपी ने की ये मांग
नई दिल्ली: तमिलनाडु, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में चुनावी शंखनाद आज हो गया, जहां चुनाव आयोग ने बकायदा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तारीखों का ऐलान किया। तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में मतदान करवाए जाएंगे, जबकि असम में तीन और बंगाल में ये प्रक्रिया आठ चरणों में होगी। चुनाव के ऐलान के साथ ही राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। एक ओर बीजेपी ज्यादा से ज्यादा जवानों की तैनाती की मांग कर रही है, तो वहीं टीएमसी समेत अन्य विपक्षी दलों ने अभी से ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

Recommended Video
तारीखों के ऐलान के बाद बीजेपी के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि मैं आयोग से अपेक्षा करता हूं कि चुनाव शांतिपूर्ण हो। इसके लिए आयोग अतिरिक्त बल के साथ अतिरिक्त अधिकारियों की भी नियुक्ति करे, ताकि लोग निर्भीक होकर मतदान करने जा सकें। वहीं इस मसले पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि कांग्रेस डट के मुकाबला करेगी। उनका प्रयास होगा कि पांचों राज्यों में चुनाव लड़ा जाए और वहां अच्छा प्रदर्शन हो। इसके अलावा ज्यादा से ज्यादा सीटें जीतने की कोशिश की जाएगी।
दीदी ने उठाए सवाल
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने 23 दिनों के चुनावी कार्यक्रम पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या ये 23 दिन बीजेपी को खेल खेलने के लिए दिए गए हैं? राज्य चुनाव के लिए केंद्र अपनी शक्तियों का दुरुपयोग नहीं कर सकता। अगर वे ऐसा करते हैं, तो यह एक बड़ी गड़बड़ी होगी। हम आम लोग हैं, हम अपनी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हम चुनाव आयोग से धन के दुरुपयोग को रोकने का अनुरोध करते हैं। बीजेपी ने एजेंसियों के माध्यम से सभी जिलों में पैसा पहुंचा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications