PNB Scam: मेहुल चोकसी के करीबी दीपक कुलकर्णी को ED ने किया गिरफ्तार
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंक के साथ हजारो करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी के करीबी को पकड़ने में ईडी को बड़ी सफलता मिली है। ईडी ने मेहुल चोकसी के सहयोगी दीपक कुलकर्णी को कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया है। कुलकर्णी हॉगकॉग से जब कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचा तो यहां पहले से ही ईडी के अधिकारी मौजूद थे, जिन्होंने कुलकर्णी को यहां गिरफ्तार कर लिया है। आपको बता दें कि दीपक कुलकर्णी मेहुल चोकसी की हॉगकॉग स्थित फर्जी कंपनी का डायरेक्टर था।

ईडी और सीबीआई ने पहले ही दीपक कुलकर्णी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था, जिसके बाद आज कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचते ही ईडी के अधिकारियों ने कुलकर्णी को धर दबोचा। आपको बता दें कि 31 अक्टूबर को मेहुल चोकसी ने कहा था कि वह बीमार है, इसी वजह से वह 41 घंटे का लंबा सफर करके भारत नहीं आ पा रहा है। ईडी ने मेहुल चोकसी को भगोड़ा घोषित कर दिया है, जिसका चोकसी के वकील ने कोर्ट में विरोध किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले ईडी ने पंजाब नेशनल बैंक के 13 हजार करोड़ रुपए के घोटाले के आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसकी 637 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया था। उसकी यह संपत्ति भारत सहित चार अन्य देशों में स्थित है। जबकि 17 अक्टूबर को ईडी ने पीएनबी घोटाले में आरोपी नीरव मोदी, मेहुल चौकसी, मिहिर भंसाली और अन्य आरोपियों की 218.46 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त कर लिया था।
इसे भी पढ़ें- 5 दिन तक बंद रहेंगे बैंक, आज ही निपटा लें अपने सभी जरूरी काम












Click it and Unblock the Notifications