40 से भी ज्यादा जिलों में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार सुस्त, पीएम मोदी आज करेंगे बैठक
पीएम मोदी आज कोरोना वायरस टीकाकरण को लेकर एक अहम बैठक करेंगे।
नई दिल्ली, 3 नवंबर: इटली, वेटिकन सिटी और ग्लासगो के दौरे से लौटने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को कोरोना वायरस टीकाकरण को लेकर एक अहम बैठक करेंगे। पीएम मोदी की यह वर्चुअल बैठक देश के उन 40 से भी ज्यादा जिलों के अधिकारियों के साथ होगी, जहां कोरोना वायरस टीकाकरण की रफ्तार अभी धीमी है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर 12 बजे होने वाली इस बैठक में कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी हिस्सा ले सकते हैं। पीएमओ की तरफ से जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि बैठक को फोकस उन जिलों पर होगा, जहां अभी तक 50 फीसदी से भी कम व्यस्क आबादी को ही कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग पाई है। इसके अलावा दूसरी डोज देने में जो जिले अभी पीछे हैं, उन्हें लेकर भी बैठक में चर्चा होगी।
Recommended Video

पीएमओ की रिपोर्ट के मुताबिक, कम टीकाकरण वाले ये जिले झारखंड, मणिपुर, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, मेघालय सहित कुछ अन्य राज्यों में हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 27 अक्टूबर तक नागालैंड के किफिर में महज 16.1 फीसदी आबादी को ही वैक्सीन की पहली डोज मिल पाई है, जो देशभर में सबसे कम है। इनमें बिहार का अररिया जिला कुछ बेहतर है, जहां यह आंकड़ा 49.6 फीसदी है। इसके अलावा दिल्ली का उत्तर पश्चिमी जिला (48.2 फीसदी), औरंगाबाद (46.5 फीसदी), नांदेड़ (48.4 फीसदी), अकोला (49.3 फीसदी), देवघर (44.2 फीसदी) और पश्चिमी सिंहभूम (47.8 फीसदी), प्रमुख तौर पर उन 48 जिलों में शामिल हैं, जहां कोरोना वायरस टीकाकरण की रफ्तार कम है।
देश में 38 फीसदी लोगों को लगे दोनों टीके
हालांकि देश के औसत टीकाकरण की रफ्तार तेज है और मंगलवार तक कोरोना वायरस वैक्सीन की 1.07 बिलियन डोज दी जा चुकी हैं। इस पूरे आंकड़े में वैक्सीन की 73,61,08,324 पहली डोज और 33,64,33,302 दूसरी डोज शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 2 नवंबर को शाम 7 बजे तक 37 लाख से ज्यादा टीके लगाए गए। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने सोमवार को बताया कि भारत की 78 फीसदी आबादी को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज और 38 फीसदी लोगों को दोनों टीके लगाए जा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications