Video: पीएम मोदी ने रामेश्वरम में 'अग्नि तीर्थम' में लगाई पवित्र डुबकी, रामनाथस्वामी मंदिर में की पूजा
PM Narendra Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा से पहले तमिलनाडु के दौरे पर हैं, जहां शनिवार को उन्होंने श्री रंगनाथस्वामी और रामेश्वरम मंदिर में दर्शन कर पूजा अर्चना की। मोदी ने रामेश्वरम के समुद्र में डुबकी भी लगाई, जिसका वीडियो सामने आया है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु के रामेश्वरम में श्री अरुलमिगु रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसी के साथ समुद्र में पवित्र डुबकी भी लगाई, जिसे अग्नि तीर्थम के नाम से जाना जाता है। रुद्राक्ष-माला पहने नजर आए पीएम मोदी ने प्राचीन शिव मंदिर रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा भी की।

पवित्र शहर रामेश्वरम का रामायण महाकाव्य में बहुत महत्व है। अग्नि तीर्थम को पापों को धोने का पवित्र स्थल कहा जाता है। प्रधानमंत्री का यह दौरा ऐसे वक्त है, जब अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान चल रहा है और स्वयं पीएम मोदी भी विशेष अनुष्ठान का पालन कर रहे हैं।
मंदिर के अंदर बने कुंड के पानी से किया स्नान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'अग्नितीर्थ' समुद्र तट पर पवित्र स्नान करने के बाद यहां भगवान रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा की। इस दौरान पीएम मोदी ने रामनाथस्वामी मंदिर के अंदर बने महालक्ष्मी तीर्थ, सावित्री तीर्थ, गायत्री तीर्थ और सरस्वती तीर्थ कुंड से पानी निकालकर भी स्नान किया।
रंगनाथस्वामी मंदिर भी गए पीएम मोदी
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तिरुचिरापल्ली के श्रीरंगम में श्री रंगनाथस्वामी मंदिर गए। जहां उन्होंने अंदल नाम के हाथी को गुड़ खिलाया और आशीर्वाद लिया। साथ ही उन्होंने रामायण पाठ और भजन संध्या में भी हिस्सा लिया।
श्रीराम ने किया था रामेश्वरम में शिवलिंग स्थापित
तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के रामेश्वरम द्वीप में स्थित शिव मंदिर का संबंध रामायण से है। पुराणों में वर्णन है कि इस मंदिर में शिवलिंग की स्थापना और पूजा श्री राम और माता सीता ने की थी। यह चार धामों में से एक है, जो कि बद्रीनाथ, द्वारका, पुरी और रामेश्वरम। इसके अलावा यह शिवजी के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है।












Click it and Unblock the Notifications