तेलंगाना, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में कोरोना से बिगड़े हालात, PM मोदी ने की मुख्यमंत्रियों से बात
तेलंगाना, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में कोरोना से बिगड़े हालात, PM मोदी ने की मुख्यमंत्रियों से बात
नई दिल्ली, 07 मई: भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल, कर्नाटक समेत अब दक्षिण भारत में कोविड-19 के मामलों में अब तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। कोरोना के बिगड़ते हालातों पर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा लगातार स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (06 मई) को तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत की। पीएम मोदी ने इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और पुदुचेरी के राज्यपाल से भी बात की। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से वहां के कोरोना हालातों पर चर्चा की।

पीएम मोदी ने राज्यों को वैक्सीनेशन अभियान में संवदेनशील होने पर दिया जोर
पीएम नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कोरोना की स्थिति पर एक बैठक भी की। जिसमें उन्होंने राज्य और जिलावार कोरोना रिपोर्ट का आकलन किया। इस दौरान पीएम मोदी ने निर्देश दिए कि केंद्र राज्यों को मेडिकल सुविधाओं के लिए सभी तरह के सहयोग दें। पीएमओ की ओर से जारी बयान के मुताबिक पीएम नरेंद्र मोदी ने वैक्सीनेशन की गति को बनाए रखने के लिए राज्यों को संवदेनशील होकर काम करने पर जोर दिया।
झारखंड CM हेमंत सोरेन ने कसा तंज
झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने के बाद ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। हेमंत सोरेन ने तंज करते हुए लिखा है, ''आज आदरणीय प्रधानमंत्री जी ने फोन किया। उन्होंने सिर्फ अपने मन की बात की। बेहतर होता यदि वो काम की बात करते और काम की बात सुनते।''
जानें कहां कितने कोरोना केस
- आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 21,954 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 10,141 रिकवर हुए हैं और 72 मौतें हुई हैं। राज्य में कुल एक्टिव केस 1,82,329 है। कोरोना से अब तक राज्य में 8446 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल मामले 12,28,186 है। जिसमें से 10,37,411 लोग ठीक हो गए हैं।
-तेलंगाना में पिछले 24 घंटों में 6,361 नए कोविड मामले सामने आए हैं और 51 मरीजों की मौत हो गई है। राज्य में 2527 लोगों की अब तक मौत हुई है।
-झारखंड में पिछले 24 घंटों में 5974 नए मामले आए हैं और 132 लोगों की मौत हुई है। संक्रमण से कुल 3205 लोगों की मौत झारखंड में हो चुकी है। एक्टिव केसों की संख्या 59,707 है।
- ओडिशा में बीते 24 घंटे में 10,521 नए मामले सामने आए हैं और 17 मरीजों की मौत हुई है। राज्य में कोरोना से अब तक 2121 लोगों की मौत हुई है।












Click it and Unblock the Notifications