विजय रुपाणी को CM बनता देख पीएम मोदी को याद आई 16 साल पुरानी बात
नई दिल्ली। विजय रुपाणी ने मंगलवार को गांधीनगर में हुए एक भव्य समारोह में दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इस दौरान मंच पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद थे। गुजरात में लगातार छठी बार भाजपा की सरकार बनने की खुशी पीएम मोदी के चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी। विजय रुपाणी को देखते हुए पीएम मोदी को 16 साल पहले का वो पल याद आ गया जब उन्होंने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

मोदी ने ट्विटर पर साझा किया वो खास पल
पीएम मोदी ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद खुद ट्विटर पर इस पल को साझा किया। पीएम मोदी ने कहा, 'आज गुजरात में शपथग्रहण समारोह देखते हुए मुझे वो पल याद आ गया जब मैंने ऐसे ही 2001, 2002, 2007 और 2012 में गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर गुजरात के लोगों की सेवा करने की शपथ ली थी।' पीएम मोदी ने इसके साथ ही कई तस्वीरें भी शेयर की जिसमें वो भाजपा के वरिष्ठ ने नेताओं अटल बिहारी वाजपेयी, लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के साथ दिखाई दे रहे हैं।

पीएम मोदी ने गुजरात से किया वादा
पीएम मोदी ने इसके बाद एक और ट्वीट कर गुजरात के लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा, ' मैं गुजरात के लोगों का तहे दिल से आभार प्रकट करता हूं जिन्होंने एक बार फिर से गुजरात में भाजपा को सेवा का अवसर दिया है। गुजरात से भाजपा का खास रिश्ता है। मैं अपने सभी गुजराती भाईयों और बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि हम गुजरात के विकास के लिए कोई कर नहीं छोड़ेंगे।'

विजय रूपाणी के साथ 20 विधायकों ने ली शपथ
विजय रूपाणी ने मंगलावर को लगातार दूसरी बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही गुजरात में भारतीय जनता पार्टी की लगातर छठी बार सरकार बन गई है। विजय रुपाणी को गुजरात के राज्यपाल ओम प्रकाश कोहली ने शपथ दिलाई। विजय रुपाणी के साथ उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल समेत 20 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। गुजरात के गांधीनगर में हुए इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह समेत कई गणमान्य हस्तियां मंच पर मौजूद थीं।












Click it and Unblock the Notifications