झारखंड-ओडिशा के दौरे पर पीएम मोदी, करेंगे कई योजनाओं का शिलान्यास
नई दिल्ली। पीएम मोदी शनिवार को ओडिशा और झारखंड के दौरे पर रहेंगे जहां वे कई योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। लोकसभा चुनावों के लिहाज से बीजेपी ओडिशा को काफी अहम मान रही है और यहां होने वाली पीएम की रैली को लेकर प्रदेश इकाई ने काफी तैयारियां की हैं। पीएम मोदी आज झारखंड के दौरे पर 25,202 करोड़ की योजनाओं की आधारशीला भी रखेंगे।

झारखंड में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर चियांकी हवाई अड्डा मैदान में सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये हैं। पीएम मोदी यहां पर कई योजनाओं का शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे ओडिशा के दौरे पर जाएंगे जहां बारीपदा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी ओडिशा में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की बालेश्वर-हल्दिया गैस पाइपलाइन का लोकार्पण और टाटा-बादामपहाड़ के बीच पैसेंजर ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा पीएम मोदी केंदुझर, कटक और ढेंकानाल के पासपोर्ट केंद्रों का लोकार्पण भी करेंगे। बता दें कि पीएम मोदी ने गुरुवार को पंजाब के गुरदासपुर में भी जनसभा को संबोधित किया था। इसके अलावा, कल उन्होंने मणिपुर के दौरे पर 1500 करोड़ की योजनाओं का उद्घाटन किया था।












Click it and Unblock the Notifications