राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पीएम मोदी ने सौंपा इस्तीफा, 8 जून को तीसरी बार ले सकते हैं पीएम पद की शपथ
PM Modi Resignation: लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों की तस्वीर साफ होने के बाद अब सरकार बनाने की कवायद तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने तीसरी बार बहुमत हासिल किया है।
इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे हैं, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा, जिसका राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। सूत्रों के मुताबिक 8 जून को पीएम मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

पीएम मोदी ने बुधवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की, जहां उन्होंने मंत्रिपरिषद सहित अपना इस्तीफा राष्ट्रपति को सौंप दिया। राष्ट्रपति ने उनका इस्तीफा स्वीकार करते हुए उनसे और मंत्रिपरिषद से अनुरोध किया है कि वे नई सरकार के कार्यभार संभालने तक पद पर बने रहें।
Prime Minister @narendramodi called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan. The Prime Minister tendered his resignation along with the Union Council of Ministers. The President accepted the resignation and requested the Prime Minister and the Union Council of Ministers… pic.twitter.com/1ZeSwQFU1y
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 5, 2024
इससे पहले नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में 17वीं लोकसभा को भंग करने की सिफारिश की गई। मालूम हो कि मौजूदा 17वीं लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को खत्म हो रहा था। बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रपति भवन पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लोकसभा भंग करने की सिफारिश करते हुए अपना और कैबिनेट मंत्रियों का इस्तीफा सौंपा।
इस दिन होगा शपथ ग्रहण
सूत्रों के हवाले से यह कहा जा रहा है कि नरेंद्र मोदी 8 जून को तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार 7 जून को एनडीए संसदीय दल की बैठक होगी और उसके अगले दिन यानी 8 जून को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है।
इस बार गठबंधन की सरकार
बता दें कि इस बार भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल नहीं कर पाई है। हालांकि एनडीए गठबंधन ने 292 सीटें जीती हैं, जो कि बहुमत (272) के आंकड़े से पार है। इस बार भाजपा को 240 सीटों से ही संतोष करना पड़ा, जबकि विपक्षी गठबंधन INDIA ब्लॉक को कुल 234 सीटें मिली हैं।












Click it and Unblock the Notifications