'विवादास्पद टिप्पणियों से बचें', लोकसभा चुनाव 2024 से पहले PM मोदी की मंत्रियों को नसीहत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रिपरिषद के साथ रविवार को एक अहम बैठक की। जिसमें पीएम ने विजन डॉक्यूमेंट 'विकसित भारत 2047' पर विचार-मंथन किया। साथ ही अगले पांच सालों के लिए विस्तृत कार्य योजना पर भी विचार-विमर्श किया। यह जानकारी भारत सरकार के सूत्रों ने रविवार को साझा की। यह बैठक चाणक्यपुरी डिप्लोमैटिक एन्क्लेव में सुषमा स्वराज भवन में आयोजित की गई थी।
सूत्रों ने आगे बताया कि बैठक के दौरान मई 2024 में नई सरकार के गठन के बाद तुरंत उठाए जाने वाले कदमों के लिए 100 दिवसीय एजेंडे पर चर्चा की गई। विकसित भारत का रोडमैप 2 साल से अधिक की गहन तैयारी का परिणाम है। बैठक के दौरान पीएम ने मंत्रियों से कहा कि विवादास्पद टिप्पणियों से बचें।

सूत्रों के अनुसार, इसमें सभी मंत्रालयों को शामिल करते हुए एक संपूर्ण-सरकारी दृष्टिकोण शामिल था और राज्य सरकारों, शिक्षाविदों, उद्योग निकायों, नागरिक समाज, वैज्ञानिक संगठनों के साथ व्यापक परामर्श और युवाओं को उनके विचारों, सुझावों और इनपुट को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया था।
विभिन्न स्तरों पर 2700 से अधिक बैठकें, कार्यशालाएं और सेमिनार आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि 20 लाख से अधिक युवाओं के सुझाव प्राप्त हुए। सूत्रों ने आगे बताया कि 'विकसित भारत' के रोडमैप में स्पष्ट रूप से व्यक्त राष्ट्रीय दृष्टिकोण, आकांक्षाओं, लक्ष्यों और कार्य बिंदुओं के साथ एक व्यापक खाका है। उन्होंने कहा कि इसके लक्ष्यों में आर्थिक विकास, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी), जीवन जीने में आसानी, व्यापार करने में आसानी, बुनियादी ढांचा, सामाजिक कल्याण आदि जैसे क्षेत्र शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications