मणिपुर चुनाव: पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने यहां अलगाववाद बढ़ाया, लोगों को बांटने के षड्यंत्र रचे
कांग्रेस ने मणिपुर में अलगाववाद बढ़ाया, लोगों को बांटने के षड्यंत्र रचे:
नई दिल्ली, 1 मार्च: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने मणिपुर राज्य में अलगाववाद को बढ़ावा दिया है। मणिपुर विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने ये बात कही है। भाजपा को वोट देने के अपील करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि उनकी पार्टी ही मणिपुर और पूर्वोत्तर के राज्यों के विका के लिए गंभीर है।

मणिपुर में दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, पिछली सरकारों को लगता था कि यहां के लोगों के पास विकल्प ही क्या है? उनके लिए मणिपुर भ्रष्टाचार का ठिकाना था, कांग्रेस ने मणिपुर का विकास नहीं किया। मणिपुर को शांति से दूर रखा और अलगाववाद को बढ़ाया। कांग्रेस ने राज्य में हिल और वैली के नाम पर लोगों को बांटने के षड्यंत्र रचे। इन लोगों से मणिपुर के लोगों को हमेशा सावधान रहना है। मणिपुर हमेशा से भारत की एकता और अखंडता का प्रतिनिधित्व करता रहा है। यहां के लोगों ने आजादी की लड़ाई में अपना बलिदान दिया था लेकिन कांग्रेस ने मणिपुर के इस इतिहास को, इन बलिदानों को और नेताजी को कभी सच्चे मन से श्रद्धाजंलि तक नहीं दी।
उन्होंने आगे कहा, मणिपुर ने पहले चरण के चुनाव में मणिपुर ने तय कर लिया कि पूर्वोत्तर में अब विकास का सूरज ही उगेगा। जिन लोगों ने मणिपुर को इतने दशकों तक पीछे धकेला उन्हें अब यहां के लोग फिर मौका नहीं देंगे। जिस मणिपुर को कभी यहां की सरकारो ने बम में जकड़ कर रख दिया था। वहीं मणिपुर आज पूरे भारत के लिए एक्सपोर्ट और इंटरनेशनल ट्रेड का गेट वे बन रहा है।
पीएम ने कहा, केंद्र में हमारी सरकार बनने के बाद मंत्री भी अब ज्यादा से ज्यादा पूर्वोत्तर में आते हैं। मैं खुद पूर्वोत्तर के विकास कार्यों की निरंतर समीक्षा करता हूं। समय आत्मनिर्भर भारत और भारत के अमृतकाल का समय है। देश ये लक्ष्य तभी हासिल करेगा, जब देश का हर राज्य एक साथ आगे बढ़े। ये दशक मणिपुर के विकास और प्रगति का दशक है और मणिपुर इस दिशा में आज तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मणिपुर में 5 तारीख को दूसरे चरण का मतदान
मणिपुर में विधानसभा की कुल 60 सीटें हैं। पहले चरण में 28 फरवरी को 38 सीटों पर वोट डाले जा चुके हैं। पहले चरण में करीब 78 फीसदी वोटिंग हुई है। दूसरे चरण में 22 सीटों पर 5 मार्च को मतदान होगा। इसके बाद 10 मार्च को नतीजों का ऐलान किया जाएगा। बता दें कि राज्य में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 21 सीटें जीतकर, एनपीपी, एनपीएफ, टीएमसी और एक निर्दलीय सदस्य के समर्थन से सरकार बनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications