'मन की बात' के 113वें एपिसोड में PM ने किया 'हूलॉक गिबन' का जिक्र, सुनाई इंसान-जानवर के रिश्ते की सच्ची कहानी
Mann ki Baat 113th Episode: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 25 अगस्त को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 113वें एपिसोड को संबोधित किया। 113वें एपिसोड को संबोधित करते हुए, पीएम मोदी ने कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता का जश्न मनाते हुए 23 अगस्त को, देश ने पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया। पिछले साल, इसी दिन, चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी हिस्से में शिव-शक्ति बिंदु पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी।
प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान स्पेसटेक स्टार्ट-अप गैलेक्सआई की टीम से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने इंसान और जानवरों के बीच के संबंध का जिक्र करते हुए एक सच्ची कहानी भी सुनाई। ये कहानी असम के एक छोटे से गांव की है जहां दुर्लभ प्रजाति के बंदर, 'हुलॉक गिब्बन' पाए जाते हैं।

इंसान-जानवर के रिश्ते की दिल छूने वाली कहानी
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में असम के तिनसुकिया से मानव-पशु संबंध की एक दिल छू लेने वाली कहानी बताते हुए कहा, "असम के तिनसुकिया जिले के छोटे से गांव बरेकुरी में मोरान समुदाय के लोग रहते हैं और इस गांव में 'हूलॉक गिबन' भी रहते हैं, जिन्हें यहां 'होलो बंदर' कहा जाता है। हूलॉक गिबन ने इस गांव को अपना घर बना लिया है।"
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इस गांव के लोगों का हूलॉक गिबन के साथ बहुत गहरा संबंध है। गांव के लोग अभी भी अपनी पारंपरिक मूल्यों का पालन करते हैं। इसलिए, उन्होंने वे सभी काम किए, जो उनके और गिबन के बीच संबंध को मजबूत करे।"
मन की बात
मन की बात एक रेडियो कार्यक्रम है जिसमें प्रधानमंत्री भारतीय नागरिकों के साथ महत्वपूर्ण राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करते हैं। यह कार्यक्रम हर महीने के आखिरी रविवार को प्रसारित होता है। 3 अक्टूबर 2014 को शुरू हुआ, मन की बात का उद्देश्य भारतीय समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़ना है, जिसमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शामिल हैं।
22 भारतीय भाषाओं और 29 बोलियों के अलावा, 'मन की बात' 11 विदेशी भाषाओं में भी प्रसारित होता है, जिनमें फ्रेंच, चीनी, इंडोनेशियाई, तिब्बती, बर्मी, बलूची, अरबी, पश्तो, फारसी, दारी और स्वाहिली शामिल हैं। मन की बात ऑल इंडिया रेडियो के 500 से अधिक केंद्रों द्वारा प्रसारित किया जाता है।
'मन की बात' के लोगों के जीवन पर प्रभाव के बारे में किए गए एक अध्ययन से पता चला कि 100 करोड़ से अधिक लोग कम से कम एक बार 'मन की बात' से जुड़े हैं। यह सीधे लोगों से बात करता है, जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वालों और उपलब्धियों का जश्न मनाता है और लोगों को सकारात्मक कार्यों की ओर प्रेरित करता है। आज अपने इस रेडियो कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने आगामी त्योहारों पर नागरिकों को शुभकामनाएं भी दीं।












Click it and Unblock the Notifications