वाराणसी में 26 अप्रैल को नामांकन दाखिल करेंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी!
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को वाराणसी सीट से नामांकन दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों की माने तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नामांकन से एक दिन पहले 25 अप्रैल को वाराणसी पहुंचेंगे और उसके अलगे दिन बीएचयू से लेकर दशाश्वमेध घाट तक मेगा रोड शो करेंगे। मोदी उसके बाद कालभैरव मंदिर जाएंगे और घाट पर गंगा आरती में भाग लेंगे। उसी दिन यानी 26 अप्रैल को ही वह पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिलकर चुनाव की रणनीति पर चर्चा भी कर सकते हैं।

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी सीट से मौजूदा सांसद भी हैं। साल 2014 के चुनाव में पीएम गुजरात की वडोदरा और उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे। वाराणसी में पीएम मोदी के खिलाफ आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल चुनाव मैदान में थे लेकिन उनको हार का सामना करना पड़ा था। वहीं पीएम मोदी वाराणसी और वडोदरा दोनों सीटों से चुनाव जीतने में कामयाब रहे। इसके बाद उन्होंने वडोदरा की सीट को छोड़ दिया और वाराणसी से सांसद बने रहे।
बता दें कि फिलहाल इस सीट से कई उम्मीदवार मैदान में उतरने का ऐलान कर चुके हैं। इसमें कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस सीएस कर्णन भी वाराणसी सीट से चुनाव लड़ने का मन चुके हैं। दूसरी ओर भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद भी पीएम के खिलाफ चुनाव लड़ने का ऐलान कर चुके हैं। उत्तर प्रदेश की वाराणसी सीट पर इस लोकसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण में 19 मई को मतदान होना है। जबकि वोटों की गिनती 23 मई को होगी।
यह भी पढ़ें- वाराणसी सीट से जुड़ी जानकारी के लिए यहां क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications