अहमदनगर अस्पताल में आग की घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख, 11 मरीजों की हुई है दर्दनाक मौत
नई दिल्ली, 6 नवंबर: महाराष्ट्र के अहमदनगर जिला अस्पताल में आग लगने से शनिवार को 11 मरीजों की मौत हो गई। आग लगने की इस घटना में कई लोग घायल भी हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, महाराष्ट्र के अहमदनगर के जिला अस्पताल में आग लगने से मौतों के बारे में जानकर दुखी हूं। मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करता हूं। हादसे में जो लोग घायल हैं, उनके जल्दी से जल्दी स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी हादसे पर दुख जताया है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, महाराष्ट्र के अहमदनगर के सिविल अस्पताल में आग लगने से हुई हृदयविदारक दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
राज्य सरकार का 5 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान
महाराष्ट्र सरकार ने घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को 5-5 लाख की आर्थिक मदद का ऐलान किया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं। महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने दुख जताया है और मृतकों के परिजनों के प्रति सांत्वना जाहिर की और मामले की जांच के आदेश दिए हैं। डीसी को घटना की जांच करने और एक सप्ताह के समय में रिपोर्ट देने का आदेश दिया गया है।
शॉर्ट सर्किट से लगी आग
अहमदनगर के जिला कलेक्टर राजेंद्र भोसले ने बताया है कि अस्पताल के आईसीयू में आग लगी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। राजेंद्र भोसले ने बताया कि शॉर्ट सर्किट के कारण ये आग लगी। वार्ड में कुल 17 मरीज थे। 11 मरीजों की मौत हो गई और 5 मरीजों को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया। आग की सूचना पर दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के मुताबिक मरने वाले लोग कोरोना वायरस से संक्रमित थे, जिनका आईसीयू में इलाज चल रहा था।












Click it and Unblock the Notifications