विजय माल्या को भगाने में मोदी का हाथ, उनकी जानकारी के बिना नहीं बदल सकता नोटिस: राहुल गांधी
पीएम मोदी की जानकारी में फरार हुआ विजय माल्या: राहुल गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि ऐसा मुमकिन नहीं है कि प्रधानमंत्री की जानकारी के बिना विजय माल्या ने देश छोड़ दिया हो। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को गंभीर सवालों के घेरे में खड़ा करते हुए कहा है कि इतने बड़े मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अनुमति के बिना सीबीआई ने लुकआउट नोटिस बदला होगा, ऐसा नहीं हो सकता क्योंकि सीबीआई सीधे पीएम को रिपोर्ट करती है।

राहुल गांधी ने शुक्रवार को ट्वीट किया, 'माल्या के फरार होने में सीबीआई ने बड़ी खामोशी से डिटेन नोटिस को इंफॉर्म नोटिस में बदल दिया जिससे माल्या देश से बाहर भाग सका। इतने बड़े मामले में सीबीआई ने प्रधानमंत्री की अनुमति के बगैर लुकआउट नोटिस बदला होगा, यह समझ में नहीं आता क्योंकि सीबीआई सीधे प्रधानमंत्री को रिपोर्ट करती है।'
बुधवार को प्रत्यर्पण के मामले में चल रही सुनवाई के दौरान लंदन में माल्या ने कहा कि वह भारत छोड़ने से पहले वित्तमंत्री से मिलकर आए थे। माल्या ने कहा कि वह सेटलमेंट को लेकर वित्त मंत्री से मिले थे, लेकिन बैंकों ने मेरे सेटलमेंट प्लान को लेकर सवाल खड़े किए। माल्या के बयान को जेटली ने गलत बताया है लेकिन विपक्ष लगातार इसको लेकर सरकार को घेर रहा है।
माल्या के इस दावे को लेकर कांग्रेस पूरे मामले की जांच की मांग कर रही है। राहुल गांधी ने माल्या के बयान के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली का इस्तीफा मांगा है। राहुल ने कहा है कि माल्या की ओर से लगाए गए आरोप बेहद गंभीर हैं और पीएम को तत्काल इस मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। राहुल ने कहा कि जांच पूरी होने तक अरुण जेटली को वित्त मंत्री के पद से इस्तीफा देना चाहिए












Click it and Unblock the Notifications