जिग्नेश मेवाणी बोले, हार्दिक के खिलाफ चुनाव लड़े तो हार जाएंगे मोदी
पहली बार विधानसभा का चुनाव जीतने वाले जिग्नेश मेवाणी ने कहा है कि प्रधानमंत्री अगले लोकसभा चुनाव में हार्दिक पटेल के सामने चुनाव जीत कर दिखा दें
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव खत्म हो चुका है। गुजरात की जनता ने अगले 5 साल के लिए बीजेपी को चुना है। इसी बीच गुजरात के दलित युवा नेता जिग्नेश मेवाणी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुली चुनौती दी है। पहली बार विधानसभा का चुनाव जीतने वाले जिग्नेश मेवाणी ने कहा है कि प्रधानमंत्री अगले लोकसभा चुनाव में हार्दिक पटेल के सामने चुनाव जीत कर दिखा दें। अगर वो चुनाव जीत जाते हैं तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा। मेवाणी ने कहा कि मेंरा दावा है पीएम मोदी चुनाव हार जाएंगे।

हार्दिक पटेल से हार जाएंगे पीएम नरेंद्र मोदी
अंग्रेजी न्यूज़ चैनल टाइम्स नाउ पर गुजरात के तीनों युवा नेता हार्दिक पटेल, अल्पेश ठाकोर और जिग्नेश मेवाणी इंटरव्यू दे रहे थे। इंटरव्यू में महिला एंकर ने गुजरात विधानसभा चुनाव से लेकर तीनों युवाओं से भविष्य की राजनीति के बारे में उनके प्लान पूछे। तीनों युवाओं ने कहा कि गुजरात का चुनाव तो एक शुरुआत है, हम देश भर में जाएंगे। हम हर जगह बीजेपी जैसी फासीवादी ताकतों के खिलाफ प्रचार करेंगे। एंकर ने इनसे पूछ लिया कि क्या आप लोगों को लगता है कि आप प्रधानमंत्री पर भारी पड़ेंगे? इस सवाल के जवाब में जिग्नेश ने पीएम मोदी को खुली चुनौती देते हुए बड़ा ऐलान कर दिया। जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि अगर पीएम मोदी हार्दिक की च्वाइस वाले इलाके से चुनाव लड़ते हैं तो वो हार्दिक पटेल से हार जाएंगे।

कांग्रेस के अच्छे प्रदर्शन के पीछे ये तिगड़ी
गुजरात विधानसभा चुनाव में भले ही भारतीय जनता पार्टी को बहुमत हासिल हो गया हो, लेकिन कांग्रेस भी अपने प्रदर्शन से संतुष्ट हैं। बीजेपी को जहां 99 सीटें मिलीं, वहीं कांग्रेस को 80 सीटें मिलीं। कांग्रेस के इस अच्छे प्रदर्शन के पीछे एक तिगड़ी को माना जा रहा है।

बीजेपी को हराने के लिए प्रचार किया
ये तिकड़ी पाटीदार नेता हार्दिक पटेल, ओबीसी नेता अल्पेश ठाकोर और दलित नेता जिग्नेश मेवानी की है। तीनों ने एक होकर बीजेपी को हराने के लिए प्रचार किया। अल्पेश ने जहां कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा, वहीं जिग्नेश ने कांग्रेस के समर्थन से निर्दलीय चुनाव लड़ा और दोनों को जीत मिली।

'पीएम मोदी अब बूढ़े हो चुके हैं'
आपको बता दें कि अभी हाल ही में जिग्नेश मेवाणी ने कहा था कि पीएम मोदी अब बूढ़े हो चुके हैं, उन्हें राजनीति से संन्यास ले लेना चाहिए। जिग्नेश ने ये भी कहा था कि प्रधानमंत्री को अब हिमालय पर चले जाना चाहिए और वहां जाकर अपनी हड्डियां गलानी चाहिए। जिग्नेश के इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था।
जिग्नेश मेवाणी ने क्या कहा है, वीडियो देखने के लिए यहां क्लिक करें












Click it and Unblock the Notifications