टीएमसी पर भड़के अधीर रंजन, कहा-ममता अगर सोनिया से मिलीं तो PM नाराज हो जाएंगे
नई दिल्ली, 25 नवंबर: पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा सहित मेघालय में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायकों के टीएमसी में शामिल हो गए हैं। इस ताजा घटनाक्रम को लेकर पश्चिम बंगाल कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने टीएमसी पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि पूर्वोत्तर में सबसे पुरानी पार्टी को तोड़ने की साजिश रची जा रही है। अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि ममता बनर्जी दिल्ली में अगर सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगी तो पीएम मोदी नाराज हो जाएंगे।

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि, अगर ममता बनर्जी सोनिया गांधी से मिलीं, तो "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नाराज हो जाएंगे"।ईडी द्वारा उनके भतीजे को तलब किए जाने के तुरंत बाद उनकी हरकतें बदल गईं। इससे पहले उन्होंने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर भाजपा के खिलाफ मिलकर लड़ने की बात कही थी। ममता इस समय दिल्ली में हैं, सोनिया से मिलने की संभावना नहीं है। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि, कांग्रेस को तोड़ने की साजिश केवल मेघालय में नहीं बल्कि पूरे नॉर्थ ईस्ट में हो रही है।
अधीर रंजन चौधरी ने मेघालय में कांग्रेस के 12 विधायकों को टीएमसी में शामिल होने के का ठीकरा चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर पर फोड़ा है। उन्होंने कहा यह सब प्रशांत किशोर और टीएमसी के नेता लुइज़िन्हो फलेरियो कर रहे हैं। मैं सीएम ममता बनर्जी को चुनौती देता हूं कि पहले उन्हें टीएमसी के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़वाएं और फिर औपचारिक रूप से उनकी पार्टी में उनका स्वागत करें।
मेघालय में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। टीएमसी अब राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है। सूत्रों के मुताबिक, इन सभी विधायकों ने शिलॉन्ग में टीएमसी की सदस्यता ली है। हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर, कीर्ति आजाद समेत कई अन्य नेता भी कल तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। ईस्ट खासी हिल्स जिले के मौसीनराम से विधायक शंगप्लियांग ने कहा, 'मेघालय में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायकों ने तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया है। हम पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा के नेतृत्व में औपचारिक रूप से तृणमूल कांग्रेस में शामिल होंगे।












Click it and Unblock the Notifications