पाकिस्तानी तोपों की रेंज में थे प्रधानमंत्री मोदी, पंजाब में सुरक्षा चूक पर कांग्रेस नेता का बहुत बड़ा दावा
नई दिल्ली, 7 जनवरी: पंजाब के फिरोजपुर में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक कैसे हुई ? इस बात का पता लगाने के लिए अब देश का सुप्रीम कोर्ट भी ऐक्टिव हो चुका है। लेकिन, जैसे-जैसे नए तथ्य सामने आ रहे हैं, उस दिन की घटना और भी गंभीर होती जा रही है। कांग्रेस के कुछ आधिकारिक ट्विटर हैंडल से और कुछ नेताओं की ओर से भी पहले इस घटना को लेकर बहुत ही हल्की टिप्पणियां की जा चुकी हैं। लेकिन, अब पार्टी के एक बड़े नेता और वो भी पंजाब से ताल्लुक रखने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने आशंका जताई है कि उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ क्या हो सकता था? क्योंकि वह 15 से 20 मिनट तक जिस जगह पर लाचार स्थिति में फंसे हुए थे, वहां से पाकिस्तानी तोपों की रेंज काफी आगे तक है। यही नहीं इस मामले में वायरल हुआ एक एनिमेटेड यू-ट्यूब वीडियो देखने के बाद गंभीर साजिश के भी दावे किए जाने लगे हैं।

'प्रधानमंत्री की सुरक्षा का मामला थोड़ा अलग हो जाता है'
बुधवार को पंजाब के फिरोजपुर में एक फ्लाईओवर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा के साथ हुए खिलवाड़ का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। एक तो दो साल पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे हूबहू बुधवार को साजिश के तहत अंजाम दिए जाने का दावा किया जा रहा है। तो दूसरी ओर खुद पंजाब से आने वाले कांग्रेस के बड़े नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी भी इसे पीएम की सुरक्षा में कोई मामूली चूक नहीं बता रहे हैं। उनका कहना है कि मामला देश के प्रधानमंत्री से जुड़ा है, इसलिए यह पुरी तरह से अलग हो जाता है। उन्होंने एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में पहले इस घटना की जांच पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के मौजूदा जज से जांच कराने की बात कही थी। अब उन्होंने इस मामले की गंभीरता ये कहकर और बढ़ा दी है कि जिस जगह पर उस दिन पीएम मोदी 15-20 मिनट तक फंसे हुए थे, वह देश की सीमा से सिर्फ 10 किलोमीटर की दूरी पर है और उससे कहीं दूर तक का इलाका पाकिस्तानी तोपखानों की रेंज में आता है।

पाकिस्तानी तोपों की रेंज में थे प्रधानमंत्री मोदी- मनीष तिवारी
कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने शुक्रवार को एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा है, "जहां तक देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा का संबंध है, वह मामला थोड़ा अलग हो जाता है।" उन्होंने उस दिन पीएम की सुरक्षा चूक की गंभीरता की ओर इशारा करते हुए कहा है, "जहां पर उनका काफिला रुका था वो भारत की सरहद से सिर्फ 10 किलोमीटर पर जगह है; और पाकिस्तान की जो हेवी आर्टिलरी है, जो भारत-पाकिस्तान सीमा पर डिप्लॉयड रहती है....हमारी भी आर्टलरी डिप्लॉयड रहती है....उसकी जो रेंज है वो 35-36 किलोमीटर से ज्यादा होती है।" उनका साफ कहना है कि "इसलिए देश के प्रधानमंत्री की सुरक्षा की तुलना, मैं अपने विवेक में इस बात को उचित नहीं मानता।"

एनिमिटेड वीडियो कर रहा है बड़ी साजिश की ओर इशारा ?
उधर पीएम मोदी की सुरक्षा में चूक के संबंध में आज दो-दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो तो बुधवार को फिरोजपुर फ्लाईओवर पर हुई उस घटना का है, जिसमें पंजाब पुलिस के जवान काफी ढीले अंदाज में नजर आ रहे हैं। लेकिन,दूसरा वीडियो एनिमेटेड है और दो साल पुराना है। यह एनिमेटेड वीडियो बहुत ही खतरनाक है। भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने वह एनिमेटेड वीडियो शेयर कर ट्विटर पर दावा किया है कि "यू ट्यूब पर एक साल पहले ये एनिमेटेड वीडियो खालिस्तानियों द्वारा डाला गया। इसमें मोदी जी को फ्लाईओवर के ऊपर नकली किसानों द्वारा रोक कर, घेरकर मारने की कोशिश की जाती है। जैसा इस वीडियो में है, हूबहू वैसे ही पंजाब में करने की कोशिश की गई।"
सोशल मीडिया पर दोनों वीडियो हो रहे हैं वायरल
एक अंग्रेजी चैनल ने दोनों वीडियो को तुलनात्मक रूप से पेश करने की कोशिश की है। इस दौरान बीजेपी प्रवक्ता शहजाद जयहिंद ने प्रतिक्रिया दी है कि 'यह वीडियो इस तथ्य का पूरी तरह से भांडाफोड़ करता है कि यह संयोग नहीं था, यह उच्चतम स्तर पर मिलीभगत और साजिश थी।'












Click it and Unblock the Notifications