धारा 370 हटने के बाद पहली बार PM Modi का श्रीनगर दौरा, तो कश्मीरियों को मिल रहे धमकी भरे कॉल: रिपोर्ट
PM Modi Srinagar Visit: लोकसभा चुनाव 2024 से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैराथन दौरे जारी हैं। अभी 4 मार्च से 6 मार्च तक 5 राज्यों के दौरे के बाद अब पीएम मोदी आज यानी 7 मार्च को जम्मू-कश्मीर के दौरे पर जाएंगे। पीएम मोदी का यह धारा 370 हटने के बाद पहला कश्मीर दौरा है।
जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 खत्म किए जाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को पहली बार कश्मीर यात्रा पर जाएंगे। जिसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट करके साझा की है।

प्रधानमंत्री मोदी 7 मार्च को दोपहर करीब 12 बजे बख्शी स्टेडियम, श्रीनगर पहुंचेंगे, जहां एक जनसभा को संबोधित कर 6400 करोड़ रुपए की कई विकास परियोजनाओं का अनावरण करेंगे।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीट में लिखा-"मैं विकसित भारत विकसित जम्मू कश्मीर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 7 मार्च को श्रीनगर में रहूंगा। वहां से राष्ट्र को विभिन्न विकास कार्य समर्पित किए जाएंगे। उनमें से सबसे अधिक कृषि-अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने से संबंधित 5000 करोड़ रुपए के विकास कार्य की शुरुआत होगी। पर्यटन से जुड़े विभिन्न कार्य भी राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।"
चप्पे-चप्पे पर कड़ी निगरानी
इधर, पीएम मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद है। पीएम मोदी की इस रैली के लिए श्रीनगर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी 7 किमी का सफर कर बाईरोड श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत सभी मार्गों पर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है, इसी के साथ कई स्थानों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। सुरक्षा बलों की पैदल गश्त तेज कर दी गई है।
इसके अलावा झेलम नदी और डल झील में किसी भी तरह की विध्वंसक गतिविधियों के लिए समुद्री कमांडो तैनात किए गए हैं। श्रीनगर के चप्पे-चप्पे पर कड़ी मुस्तैदी कर दी गई है।
कश्मीरियों को आ रहे धमकी भरे कॉल
वहीं पीएम मोदी के इस दौरे से पाकिस्तान भी बौखलाया हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई कश्मीर में मोबाइल और लैंडलाइन पर पीएम की रैली का बहिष्कार करने के लिए कॉल कर रही है। स्थानीय लोगों को पीएम की जनसभा में शामिल ना होने की धमकी दी गई है।धमकी भरे कॉल इंटरनेशनल नंबर 44 के जरिए आ रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications