PM Modi ने यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की को दिया धन्यवाद, कहा- भारत-यूक्रेन संबंध और होंगे मजबूत
PM Modi thanks Zelensky: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 16 अगस्त को यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की (Volodymyr Zelenskyy) को भारत की स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद दिया। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर कहा कि भारत और यूक्रेन के बीच और मजबूत रिश्ते बनाने के लिए उनकी प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण है।
भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी थी।

जेलेंस्की ने लिखा था- "भारत की जनता, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। इस हफ्ते मेरी प्रधानमंत्री मोदी से एक स्पष्ट और सकारात्मक बातचीत हुई, जिसमें मुझे व्यक्तिगत रूप से इस अवसर पर शुभकामनाएं देने का मौका मिला।"
India Ukraine peace talks: मोदी ने जताई शांति और समृद्धि की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ज़ेलेंस्की की शुभकामनाओं का जवाब देते हुए कहा- "धन्यवाद राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की, आपके गर्मजोशी भरे संदेश के लिए। भारत और यूक्रेन के बीच और गहरे रिश्ते बनाने के हमारे संयुक्त संकल्प को मैं बहुत महत्व देता हूं। हम अपने यूक्रेनी मित्रों के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि से भरे भविष्य की कामना करते हैं।"
India Ukraine: यूक्रेन चाहता है भारत का सहयोग
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और यूक्रेन दोनों देशों ने आज़ादी और गरिमा की रक्षा के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने के प्रयासों में योगदान देगा।
जेलेंस्की ने कहा कि "हम आशा करते हैं कि भारत इस युद्ध को समाप्त करने के वैश्विक प्रयासों में सहयोग करेगा। मुझे विश्वास है कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी, व्यापार और संस्कृति के क्षेत्रों में भारत और यूक्रेन के बीच पारस्परिक सहयोग की अपार संभावनाएं हैं।"
अलास्का शिखर सम्मेलन पर भारत की प्रतिक्रिया
इसी बीच, भारत ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की अलास्का में हुई बैठक का स्वागत किया। विदेश मंत्रालय (MEA) ने कहा-"भारत अलास्का में अमेरिका और रूस के राष्ट्रपतियों की शिखर बैठक का स्वागत करता है। शांति की दिशा में उनका नेतृत्व प्रशंसनीय है। आगे का रास्ता केवल बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है। दुनिया चाहती है कि यूक्रेन युद्ध का जल्द अंत हो।"
हालांकि ट्रंप और पुतिन की इस बैठक में कोई बड़ा समाधान नहीं निकल सका, लेकिन दोनों पक्षों ने इसे सकारात्मक बताया और कहा कि यह आगे और बैठकों का रास्ता खोलेगा।












Click it and Unblock the Notifications