पीएम मोदी ने फ्रांस के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, इन अहम मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच हुई चर्चा
नई दिल्ली, अगस्त 16। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से फोन पर बात की है। इस बातचीत में पीएम मोदी ने जंगलों में लगी विनाशकारी आग से निपटने के लिए फ्रांस के साथ एकजुटता दिखाते हुए मैक्रों को इस बात से अवगत कराया है।

इस बातचीत के बाद पीएम मोदी ने ट्वीट कर इसके बारे में जानकारी दी है। पीएम मोदी ने बताया है कि इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा की वैश्विक चुनौतियों का जवाब देने में घनिष्ठ सहयोग करने के लिए भी सहमत हुए हैं।
पीएम मोदी ने मैंक्रो से बातचीत के बाद ट्वीट कर कहा है, "आज मेरे मित्र राष्ट्रपति इमैनुअल मैंक्रो से बात की। इस बातचीत में विनाशकारी जंगल की आग से निपटने में फ्रांस के साथ भारत की एकजुटता का संदेश दिया। हमने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के अन्य मुद्दों के तहत चल रहे द्विपक्षीय सहयोग पर चर्चा की।"
आपको बता दें कि दोनों देशों के नेताओं के बीच रक्षा सहयोग परियोजनाओं और असैन्य परमाणु ऊर्जा में सहयोग पर भी चर्चा हुई है। पीएमओ की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है, "दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों में भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी की गहराई और मजबूती पर संतोष व्यक्त किया और सहयोग के नए क्षेत्रों में संबंधों का विस्तार करने के लिए मिलकर काम करना जारी रखने पर सहमत हुए।"
आपको बता दें कि फ्रांस में जंगलों में लगी आग एक बहुत बड़ी समस्या बनी हुई है। इस विनाशकारी आग की वजह से अभी तक हजारों लोग अपना घर छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं। साथ ही इस भीषण आग की वजह से यूरोप में तापमान भी बढ़ने लगा है और भीषण गर्मी यूरोपीय देशों में पड़ने लगी है। जलवायु परिवर्तन के इस संकट ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है।












Click it and Unblock the Notifications