PM Modi Speech: 'गंगोत्री से गंगा सागर तक केवल कमल', बंगाली धोती कुर्ता पहनकर पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?
PM Modi Speech: देश की राजनीति में सोमवार का दिन बेहद अहम बन गया है। पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की शानदार बढ़त ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। पूर्वोत्तर से लेकर बंगाल तक भगवा लहर देखने को मिल रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित BJP मुख्यालय पहुंच चुके हैं, जहां वे पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी नतीजों के बाद देश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न राज्यों में पार्टी के प्रदर्शन और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपनी बात रखी है। आइए जानतें हैं प्रधानमंत्री ने किन प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की...

बंगाल में जीत का जश्न और प्रधानमंत्री का खास अंदाज
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अलग ही रंग में नजर आए। उन्होंने पारंपरिक बंगाली धोती पहनकर इस ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाया, जो उनके आत्मविश्वास और बंगाल की संस्कृति के प्रति उनके जुड़ाव को दर्शाता है।
वामपंथ का सफाया और कांग्रेस पर प्रहार
प्रधानमंत्री ने देश की वर्तमान राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि आज पूरे देश से कम्युनिस्ट पार्टी का सफाया हो चुका है। उन्होंने इसे केवल सत्ता का परिवर्तन नहीं, बल्कि विचारधारा का बदलाव करार दिया। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जब देश वामपंथ को नकार रहा है, तब कांग्रेस उसी विचारधारा को गले लगा रही है। उन्होंने कांग्रेस की तुलना 'अर्बन नक्सलियों' के गिरोह से करते हुए कहा कि जंगलों से खत्म हो रहे माओवाद का प्रभाव अब कांग्रेस के भीतर बढ़ रहा है।
'नारी शक्ति का अपमान और चुनावी सजा'
विकसित भारत के निर्माण में नारी शक्ति को एक महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए प्रधानमंत्री ने विपक्षी दलों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, टीएमसी (TMC) और डीएमके (DMK) जैसे दलों ने संसद में 'नारी शक्ति वंदन संशोधन' को रोककर महिलाओं की प्रगति में बाधा डालने का काम किया है। पीएम ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करने के कारण ही आज इन राज्यों की बहनों और बेटियों ने मतदान के जरिए इन दलों को कड़ी सजा दी है।
केरल और उत्तर प्रदेश के राजनीतिक हालात
केरल के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां वामपंथ के 10 वर्षों के कुशासन का लाभ कांग्रेस को जरूर मिला है, लेकिन उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में वहां की महिलाएं कांग्रेस को सबक सिखाएंगी। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। पीएम ने कहा कि जिस पार्टी ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का काम किया, उसे यूपी की महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ेगा और वह अपने इस पाप को कभी धो नहीं पाएगी।
वैश्विक संकट और विकसित भारत का लक्ष्य
पश्चिम एशिया के संकट और उसके वैश्विक प्रभाव पर बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया इस स्थिति से प्रभावित है, लेकिन भारत पूरे आत्मविश्वास के साथ इस चुनौती का सामना कर रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन चुनाव परिणामों ने साबित कर दिया है कि पूरा देश एक ही लक्ष्य की ओर एकजुट होकर आगे बढ़ रहा है और वह लक्ष्य है 'विकसित भारत'।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस बार का चुनाव एक विशेष कारण से याद किया जाएगा। उन्होंने रेखांकित किया कि पहले बंगाल में चुनाव के दौरान हिंसा और निर्दोषों की मौतों की खबरें आती थीं, लेकिन इस बार पूरे देश ने शांतिपूर्ण मतदान की नई खबर सुनी है। पीएम ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि चुनावी हिंसा में एक भी नागरिक की जान नहीं गई और बंदूक की जगह जनता की आवाज गूंजी है। उनके अनुसार, इस बार डर की नहीं बल्कि लोकतंत्र की जीत हुई है।
बदला नहीं, बदलाव और भविष्य की बात
बंगाल में परिवर्तन के नए दौर का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री ने सभी राजनीतिक दलों से आग्रह किया कि दशकों से चली आ रही राजनीतिक हिंसा की आदतों में अब बदलाव आना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा की इस जीत के बाद 'बदला' नहीं बल्कि 'बदलाव' की बात होनी चाहिए और 'भय' के स्थान पर बंगाल के 'भविष्य' पर चर्चा होनी चाहिए।
कार्यकर्ताओं का बलिदान और ऐतिहासिक श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री ने बंगाल और केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा झेले गए अत्याचारों और उनके समर्पण को याद किया। उन्होंने इस सफलता का श्रेय उन कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को देते हुए यह जीत बंगाल की जनता को समर्पित की। साथ ही, उन्होंने कहा कि बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के 'वंदे मातरम' के 150वें वर्ष और श्री अरविंदो को यह जीत एक ऐतिहासिक श्रद्धांजलि है।
बंगाल के लिए भाजपा का संकल्प
पीएम मोदी ने बंगाल के नागरिकों को आश्वस्त किया कि भाजपा राज्य के उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर कार्य करेगी। उन्होंने वादा किया कि अब बंगाल में महिलाएं सुरक्षित होंगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी दी जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना और गुड गवर्नेंस
प्रधानमंत्री ने भावुक होते हुए कहा कि आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को बहुत शांति मिली होगी, जिन्होंने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए बड़ी लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने कहा कि भाजपा 'नागरिक देवो भवः' के मंत्र के साथ सेवा में जुटी है। आज देश के 20 से ज्यादा राज्यों में भाजपा-एनडीए की सरकारें हैं, जो यह साबित करती हैं कि जहां भाजपा है, वहां गुड गवर्नेंस और विकास है।
असम में जीत की हैट्रिक और पुदुचेरी का भरोसा
असम के नतीजों पर पीएम ने कहा कि जनता ने लगातार तीसरी बार एनडीए पर भरोसा करके जीत की हैट्रिक लगाई है, जो असम के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने चाय बागान क्षेत्रों में मिले अभूतपूर्व समर्थन के लिए जनता और मां कामाख्या का आभार जताया। वहीं, पुदुचेरी को लेकर उन्होंने कहा कि जनता ने एक बार फिर हमारे 'बेस्ट पुदुचेरी' के विजन और पिछले 5 वर्षों के समर्पण पर अपनी मुहर लगाई है।
मां गंगा और मां कामख्या का आशीर्वाद
अंत में प्रधानमंत्री ने अपनी आध्यात्मिक आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर गंगा और ब्रह्मपुत्र दोनों का आशीर्वाद रहा है। उन्होंने 2013 के काशी नामांकन को याद करते हुए कहा कि मां गंगा की कृपा निरंतर भाजपा और देश पर बनी हुई है, जिसके कारण आज बंगाल की पावन धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है।
चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों को PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अपने संबोधन में चुनाव आयोग, मतदान प्रक्रिया से जुड़े कर्मचारियों और सुरक्षा बलों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में इन सभी का योगदान बेहद अहम रहा है और इतिहास इसे हमेशा याद रखेगा।
PM मोदी ने कहा कि जीत और हार लोकतंत्र और राजनीति का स्वाभाविक हिस्सा हैं, लेकिन पांच राज्यों की जनता ने दुनिया को दिखा दिया है कि भारत को लोकतंत्र की जननी क्यों कहा जाता है. उन्होंने कहा कि लोगों ने शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.
'लोकतंत्र सिर्फ व्यवस्था नहीं, हमारी संस्कृति है- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र भारत के लिए केवल एक सिस्टम नहीं है, बल्कि यह देश की संस्कृति और संस्कारों में बसा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र भारत की रगों में बहता है और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।
'आज लोकतंत्र ही नहीं, संविधान की भी जीत हुई'- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज सिर्फ लोकतंत्र की ही जीत नहीं हुई है, बल्कि भारत के संविधान की भी जीत हुई है। उन्होंने कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं ने एक बार फिर अपनी मजबूती साबित की है।
सुनेत्रा पवार की ऐतिहासिक जीत
प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से महाराष्ट्र का उल्लेख करते हुए बताया कि एनडीए (NDA) की नेता और महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने चुनावों में बड़ी जीत दर्ज की है। उन्होंने सभी राज्यों की जनता का उनके निरंतर समर्थन के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
चुनावों में हार-जीत को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि जय-पराजय लोकतंत्र और चुनावी राजनीति का एक स्वाभाविक हिस्सा होता है। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 5 प्रदेशों की जनता ने अपने मताधिकार के प्रयोग से पूरे विश्व को यह दिखा दिया है कि भारत को 'Mother of Democracy' क्यों कहा जाता है।
उप-चुनावों में भी बीजेपी का परचम
विभिन्न राज्यों में हुए उप-चुनावों के परिणामों को प्रधानमंत्री ने अत्यंत उत्साहजनक बताया। महाराष्ट्र, गुजरात, नागालैंड और त्रिपुरा में हुए उप-चुनावों में जनता ने भाजपा उम्मीदवारों को अपना आशीर्वाद दिया, जिससे इन राज्यों में भी पार्टी को जीत हासिल हुई है।
नितिन नबीन के नेतृत्व में पहली बड़ी विजय
प्रधानमंत्री ने संगठन के स्तर पर भी सराहना करते हुए कहा कि भाजपा के अध्यक्ष नितिन नबीन द्वारा पद संभालने के बाद ये पहले विधानसभा चुनाव थे। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि इन चुनावों में पार्टी के हर कार्यकर्ता को नितिन नबीन का जो मार्गदर्शन मिला, वह इस बहुमूल्य विजय में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
पांच राज्यों की जनता को PM मोदी का नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने अपने संबोधन में पश्चिम बंगाल, असम, पुडुचेरी, तमिलनाडु और केरल की जनता को आदरपूर्वक नमन किया. उन्होंने कहा कि इन राज्यों के लोगों ने लोकतंत्र को मजबूत करने का काम किया है और BJP-NDA पर भरोसा जताया है।
BJP कार्यकर्ताओं की मेहनत को बताया ऐतिहासिक
PM मोदी ने BJP के करोड़ों कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने इस चुनाव में कमाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से एक बार फिर 'कमल' खिला है और पार्टी ने नया इतिहास रच दिया है।
'देश के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है ये दिन'
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन कई मायनों में बेहद खास है और यह देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा करता है। उन्होंने इसे भरोसे का दिन बताते हुए कहा कि जनता ने भारत के लोकतंत्र, परफॉर्मेंस की राजनीति और स्थिरता के संकल्प पर विश्वास जताया है।
'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की भावना पर जनता का भरोसा
PM मोदी ने कहा कि यह परिणाम 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की भावना को और मजबूत करने वाले हैं. उनके मुताबिक जनता ने विकास, स्थिर सरकार और बेहतर प्रदर्शन की राजनीति को समर्थन दिया है।
'आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी नतीजों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वर्षों की साधना जब सिद्धि में बदलती है, तब जो खुशी होती है, वही खुशी आज देशभर के BJP कार्यकर्ताओं के चेहरों पर दिखाई दे रही है. उनके इस बयान के बाद पार्टी मुख्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने BJP मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है। उन्होंने कहा कि जब वर्षों की साधना सिद्धि में बदलती है, तब जो खुशी चेहरे पर दिखाई देती है, वही खुशी आज देशभर के BJP कार्यकर्ताओं के चेहरों पर नजर आ रही है। पीएम मोदी के इस बयान के बाद पार्टी मुख्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह और बढ़ गया।
नितिन नवीन ने जनता का जताया आभार
BJP अध्यक्ष नितिन नवीन (Nitin Nabin) ने पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन सभी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। उन्होंने पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में जनता द्वारा BJP और NDA को मिले समर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। नितिन नवीन ने कहा कि जनता ने पार्टी के नेतृत्व और NDA पर भरोसा जताकर बड़ा संदेश दिया है।
पश्चिम बंगाल में इस बार BJP ने बड़ा उलटफेर करते हुए जोरदार बढ़त बना ली है। BJP 178 सीटों पर आगे चल रही थी, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) 92 सीटों पर सिमटती दिखी। राज्य की 293 विधानसभा सीटों पर जारी मतगणना के बीच BJP खेमे में जश्न का माहौल है।
'180 से ज्यादा सीटें जीतेंगे' - शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और BJP नेता शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने दावा किया कि BJP 180 से ज्यादा सीटों के साथ सरकार बनाएगी। TMC पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, 'रोने दीजिए, खत्म... पूरा खत्म।'
उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल में हिंदू वोट पूरी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एकजुट हो गया है। हालांकि उन्होंने माना कि मालदा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर जैसे इलाकों में TMC और कांग्रेस का असर देखने को मिल रहा है।
असम में NDA की लगातार तीसरी सरकार तय?
असम में भी NDA शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है. चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक NDA 126 में से 98 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है. राज्य में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की जरूरत होती है. ऐसे में NDA लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी करती नजर आ रही है.
असम BJP मुख्यालय में जश्न का माहौल
असम BJP मुख्यालय 'वाजपेयी भवन' में दोपहर से ही जश्न शुरू हो गया। BJP कार्यकर्ता ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते नजर आए. कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाया और 'जय आई असम' तथा 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।
पुडुचेरी में भी NDA की मजबूत स्थिति
बंगाल और असम के अलावा पुडुचेरी में भी NDA सत्ता बरकरार रखती दिख रही है. शुरुआती रुझानों ने BJP और उसके सहयोगियों के आत्मविश्वास को और बढ़ा दिया है.
देशभर की नजर चुनावी नतीजों पर
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी के नतीजों पर पूरे देश की नजर बनी हुई है. लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा बंगाल और असम की हो रही है, जहां BJP ने चुनावी तस्वीर पूरी तरह बदल दी है।














Click it and Unblock the Notifications