इस साल एक महीना पहले पेश होगा केंद्रीय बजट: पीएम मोदी
योजनाओं को रफ्तार मिल सके, इसलिए किया गया फैसला।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस बार केंद्रीय बजट को समय से एक महीने पहले पेश किया जाएगा ताकि योजनाओं को धन की कमी ना हो और विकास को गति मिल सके।

प्रधानमंत्री ने बुधवार को 'सक्रिय संचालन और समय पर क्रियान्वयन' (प्रगति) की मासिक बैठक में कहा कि योजनाओं पर जल्दी जमीन पर उतारा जा सके इसके लिए केंद्रीय बजट को एक महीना पहले पेश किया जाएगा।। पीएम ने राज्यों से भी कहा कि वो इसका फायदा उठाने के लिए अपनी योजनाओं को इसी के अनुरूप आगे बढ़ाएं।
'सक्रिय संचालन और समय पर क्रियान्वयन' की 16वीं मासिक बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस बाबत जानकारी दी है।कार्यालय से जारी वक्तव्य में बताया गया है कि इस बार बजट एक महीने पहले पेश होगा।
परंपरा के मुताबिक केंद्र सरकार का बजट फरवरी के आखिरी दिन पेश किया जाता रहा है। अब इसे एक महीने पहले पेश किया जाएगा तो संसद का बजट सत्र भी फरवरी के बजाय जनवरी के आखिरी सप्ताह में शुरू होगा।
हमें कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील होने की जरूरत: मोदी
'सक्रिय संचालन और समय पर क्रियान्वयन' की मासिक बैठक में प्रधानमंत्री राज्यों के शीर्ष अधिकारियों के साथ कार्यक्रमों और योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा करते हैं। बुधवार को पीएम ने बजट पर चर्चा के अलावा कर्मचारियों और श्रमिकों के प्रति संवदनशील होने पर भी जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि श्रमिकों को अपना हक हासिल करने के लिए संघर्ष न करना पड़े। उन्होंने एक ऐसी प्रणाली विकसित करनेपर जोर दिया जिससे सभी कर्मचारियों के सेवानिवृत्त लाभों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया उनकी सेवानिवृत्ति से एक साल पूर्व शुरू हो सके।
मोदी ने कहा कि असमय मौत के मामले में कागजात निश्चित समय सीमा में तैयार हो जाने चाहिए, साथ ही अधिकारियों को इस उद्देश्य के लिए जवाबदेह बनाया जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications