'बुरहान वानी को आतंकी ही रहने दें, हीरो न बनाएं'
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को अपने दक्षिणी अफ्रीकी महाद्वीप की यात्रा से वापस लौटे। वापस लौटते ही पीएम मोदी ने घाटी के हालातों पर एक रिव्यू मीटिंग की और इस मीटिंग में उन्होंने घाटी के सुरक्षा हालातों का जायजा लिया।

पीएम मोदी ने इस मीटिंग में साफ-साफ कहा कि हिबजुल के आतंकी बुरहान वानी को आतंकी ही रहने दें और उसे हीरो बनाने की कोशिश न करें।
दो घंटे की इस रिव्यू मीटिंग में पीएम मोदी ने घाटी में शांति बनाए रखने की अपील की और राज्य सरकार को हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया। सूत्रों के मुताबिक पीएम ने राज्य सरकार को हालात काबू करने के लिए पूरी छूट दी है।
पीएम ने राज्य सरकार से यह भी कहा है कि वानी एक आतंकी था और उसे बड़ा नेता या फिर हीरो न बनाया जाए। उसे आतंकी के तौर पर ही देखा जाए। पीएम ने कहा कि पत्तथरबाजी करने वाले युवाओं से राज्य सरकार निपटेगी।
पीएम ने यह भी कहा कि सुरक्षा ठिकानो और सुरक्षा कर्मियों पर हमलों से सख्ती से निपटा जाएगा। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने बैठक के बाद बताया कि पीएम ने कहा है कि वे राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देंगे। पीएम ने राज्य के हालात पर चिंता जताई और बेकसूरों को परेशानी न होने देने की अपील की।












Click it and Unblock the Notifications