ऑक्सीजन की कमी के बीच पीएम मोदी ने दिया अस्पतालों में 551 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का आदेश
रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सरकारी अस्पतालों में 551 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का आदेश दिया। ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए पीएम केयर्स फंड से पैसा दिया जाएगा।
नई दिल्ली, 25 अप्रैल। पूरा देश कोरोना की दूसरी लहर का सामना कर रहा है। तमाम अस्पताल कोरोना मरीजों से भरे पड़े हैं, जिसके चलते अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी हो गई है। इस कठिन दौर में अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी न हो इसके लिए रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सरकारी अस्पतालों में 551 ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करने का आदेश दिया।

ऑक्सीजन प्लांट लगाने के लिए पीएम केयर्स फंड से पैसा दिया जाएगा। पीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन ऑक्सीजन प्लांटों को कार्यात्मक बनाने का आदेश दिया और सुनिश्चित किया कि इनकी खरीद स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के माध्यम से की जाएगी।
यह भी पढ़ें: तेलंगाना में कोरोना टेस्टिंग किट की भारी किल्लत, कोविड जांच सेंटर से वापस लौटाए जा रहे हैं लोग
इस बात की जानकारी देते हुए पीएमओ ने कहा, 'प्रधानमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अस्पतालों में ऑक्सीजन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ऑक्सीजन उत्पन्न करने वाले 551 प्लांट स्थापित करने के लिए पीएम केयर्स फंड से धन के आवंटन को सैद्धांतिक मंजूदी दी है।' पीएमओ ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जल्द से जल्द चालू अवस्था में इन प्लांटों को स्थापित करने का आदेश दिया है। इन्हें देश के अलग-2 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के सरकारी अस्पतालों में स्थापित किया जाएगा और इनकी खरीद स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत होगी। इससे अस्पतालों और जिलों में प्रति दिन ऑक्सीजन की आवश्यकता की पूर्ति होगी।
इन प्लांटों के स्थापित होने के बाद किसी भी जिले या अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी नहीं होगी और निर्बाध रूप से इस सुविधा का उपयोग किया जा सकेगा। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी द्वारा लिए गए इस निर्णय के लिए उनका आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि पीएम ने यह निर्णय ऐसे समय में लिया है जब देश में कोरोना के बेहिसाब केस सामने आ रहे हैं जिसके कारण देश के ज्यादातर अस्पतालों में ऑक्सीजन की कमी हो गई है, जोकि कोरोना के मरीजों के लिए बेहद जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications