Video: '99 मार्क्स लेकर बालक घमंड में घूम रहा था', PM मोदी ने कांग्रेस के चुनावी नतीजों पर सुनाया किस्सा
PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार 2 जुलाई लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान लोकसभा चुनावी नतीजे आने के बाद कांग्रेस की स्थिति पर तंज कसा। पीएम मोदी ने एक किस्सा सुनाते हुए कहा कि कैसे ये 99 मार्क्स लेकर भी घमंड में हैं। कांग्रेस को इस चुनाव में 99 सीटें जीती है।
पीएम मोदी ने कहा, ''मुझे एक किस्सा याद आ रहा है। 99 मार्क्स लेकर एक बालक घमंड में घूम रहा था और सबको दिखाता था कि देखो, कितने अधिक मार्क्स आए हैं। लोग भी 99 सुनकर उसे शाबाशी देते थे और हौसला देते थे। फिर उनके टीचर ने बताया कि ये 100 में से नहीं, 543 में से 99 लाया है। अब उस बालक बुद्धि को कौन समझाए कि तुमने फेल होने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है।''

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, ''कांग्रेस के नेताओं की बयानबाजी ने 'शोले' फिल्म को भी पीछे छोड़ दिया है। अरे मौसी... तीसरी बार ही तो हारे हैं, पर मौसी मोरल विक्टरी तो है ना। अरे मौसी, 13 राज्यों में 0 सीटें आई हैं, पर हीरो तो हैं ना। अरे पार्टी की लुटिया तो डुबोई है, अरे मौसी, पार्टी अभी भी सांस तो ले रही है ना।''
PM मोदी ने कहा-2024 से जो कांग्रेस है, वो परजीवी कांग्रेस है
पीएम मोदी ने कहा, ''अब कांग्रेस पार्टी 2024 से एक परजीवी कांग्रेस के रूप में जानी जाएगी। 2024 से जो कांग्रेस है, वो परजीवी कांग्रेस है और परजीवी वो होता है जो जिस शरीर के साथ रहता है, उसी को ही खाता है। कांग्रेस भी जिस पार्टी के साथ गठबंधन करती है, उसी के वोट खा जाती है और अपनी सहयोगी पार्टी की कीमत पर वो फलती-फूलती है। यह मैं तथ्यों के आधार पर कह रहा हूं।''
पीएम मोदी ने कहा कि, ''जहां-जहां बीजेपी-कांग्रेस की सीधी फाइट थी, जहां कांग्रेस मेजर पार्टी थी, वहां कांग्रेस का स्ट्राइक रेट सिर्फ 26 परसेंट है। लेकिन जहां वो किसी का पल्लू पकड़ के चलते थे, ऐसे राज्यों में उनका स्ट्राइक रेट 50 परसेंट है। कांग्रेस की 99 सीटों में से ज्यादातर सीटें उनके सहयोगियों ने जिताया है और इसलिए कह रहा हूं कि ये परजीवी कांग्रेस है।''
PM मोदी ने कहा- कांग्रेस सहयोगी दलों के कंधे पर चढ़कर सीटों का आंकड़ा बढ़ाया
पीएम मोदी ने कहा कि, ''16 राज्यों में कांग्रेस जहां अकेले लड़ी, वहां उसका वोट शेयर गिर चुका है। गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश, तीन राज्यों में जहां कांग्रेस अपने दम पर लड़ी और वहां 64 में से सिर्फ 2 सीट जीत पाई है। इसका साफ मतलब है कि इस चुनाव में कांग्रेस पूरी तरह परजीवी बन चुकी और अपने सहयोगी दलों के कंधे पर चढ़कर सीटों का आंकड़ा बढ़ाया है। कांग्रेस ने अपने सहयोगियों के जो वोट खाए हैं, अगर वो न खाए होते तो लोकसभा में उनके लिए इतनी सीटें जीत पाना भी बहुत मुश्किल था।''












Click it and Unblock the Notifications