बेंगलुरू में उषा कृष्णा से मिले पीएम मोदी, साझा की तस्वीर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेंगलुरू एयरपोर्ट पर दृष्टिबाधित उषा कृष्णा से मुलाकात की। इस मुलाकात की जानकारी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके दी है। पीएम मोदी ने उषा कृष्णा के साथ तस्वीर को साझा किया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा बेंगलुरु हवाई अड्डे पर मुझे उषा कृष्णा जी से मिलने का सम्मान मिला जोकि दृष्टिबाधित हैं। उनमें भारत की प्रगति के प्रति बहुत जुनून है। मैंने उसे ब्रेल में लिखी किताब की एक प्रति भेंट की जो मुझे आज एक कार्यक्रम के दौरान मिली थी।

बता दें कि पीएम मोदी ने शनिवार को बेंगलुरू में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि टेक सिटी टैंकर सिटी बन चुका है। कर्नाटक सरकार ने शहर को टैंकर माफियाओं के हवाले कर दिया है। बीते महीनों में बंगलुरू में पानी की काफी दिक्कत रही है। लोगों को पानी की राशनिंग करनी पड़ रही है। ज्यादा पानी पीने पर भी लोगों से जुर्माना लिया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की एंटी-प्राइवेट सेक्टर, एंटी टैक्सपेयर और एंटी वेल्थ क्रिएटर्स की नीति की वजह से लोगों को दिक्कत हो रही है। कर्नाटक सरकार की विचारधारा खतरनाक है। इंडी गठबंधन का केंद्र मोदी है, जबकि देश की जनता का केंद्र भारत के विकास और दुनियाभर में भारत की छवि को बेहतर करने पर है।
पीएम मोदी ने कहा कि इंडी गठबंधन के नेता वही घिसा-पिटा टेप रिकॉर्डर लेकर घूम रहे हैं। जबकि मैं और मेरे साथी जनता के बीच अपने अच्छे कार्यों का ट्रैक रिकॉर्ड लेकर जा रहे हैं। पीएम ने कहा कि इंडी गठबंधन को उम्मीदवार नहीं मिल रही हैं। वायनाड में राहुल गांधी को संकट दिख रहा है। पहले वो जिस तरह से अमेठी छोड़कर भागे वैसे ही उन्हें वायनाड़ छोड़कर भागना पड़ेगा।
पीएम ने कहा कि 2014 में जब मैं पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहा था तो उस वक्त अक्सर आतंकी हमले, बम धमाकों की खबर छपती रहती थी। लेकिन पांच साल के बाद 2019 में सीमा पर होने वाले हमलों पर चर्चा बंद हो गई और लोग सर्जिकल स्ट्राइक पर बात करने लगे। ये मोदी है जो घुसकर मारता है। हर जगह यही चर्चा होने लगी।












Click it and Unblock the Notifications