कौन हैं कैसेंड्रा माई स्पिटमैन? जिनसे PM मोदी ने तमिलनाडु में की मुलाकात, 'मन की बात' में भी किया था जिक्र
Who is Cassandra Mae Spittmann: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तमिलनाडु के दौरे पर हैं, जहां उन्होंने मंगलवार को पल्लदम में 22 वर्षीय कैसेंड्रा माई स्पिटमैन और उनकी मां से मुलाकात की। इस दौरान कैसेंड्रा ने पीएम मोदी के सामने 'अच्युतम केशवम' और एक तमिल गाना गाया।
कैसेंड्रा का भजन सुनकर पीएम मोदी मंत्रमुग्ध नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ऐसे में जानिए कौन हैं कैसेंड्रा माई स्पिटमैन, जिनका खुद पीएम मोदी भी एक बार जिक्र कर चुके हैं।

कैसेंड्रा माई स्पिटमैन से मुलाकात
प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, जहां अक्सर किसी ना किसी खास व्यक्ति से मुलाकात करते हैं। ऐसे ही अब तमिलनाडु पहुंचे पीएम मोदी ने पल्लदम में कैसेंड्रा माई स्पिटमैन से मुलाकात की, जो कि एक जर्मन गायिका-गीतकार हैं।
पीएम मोदी को सुनाया भजन
पीएम मोदी के सामने कैसेंड्रा ने 'अच्युतम केशवम' और एक तमिल गाना गाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वीडियो में देखा जा सकता है कि उनकी आवाज सुनकर खुद पीएम मोदी भी खुद को नहीं रोक पाए और वो टेबल बजाकर उसका साथ देते नजर आए।
जानिए क्या बोले प्रधानमंत्री?
पीएम मोदी वीडियो साझा करते हुए लिखा कि "कैसेंड्रा माई स्पिटमैन का भारत के प्रति प्रेम अनुकरणीय है, जैसा कि हमारी बातचीत में देखा गया है। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।"
पहली भारत यात्रा पर जर्मन सिंगर
बता दें कि कैसेंड्रा माई स्पिटमैन एक जर्मन नागरिक हैं। पिछले साल उनके तमिल गाने और भजन वायरल हुए थे। फिलहाल 22 वर्षीय कैसेंड्रा भारत में हैं, जो कि उनकी पहली भारत यात्रा है। कैसेंड्रा माई स्पिटमैन कन्नड़, संस्कृत, हिंदी, मलयालम, तमिल, उर्दू, असमिया और बंगाली में गाती हैं।
वे आंखों से देख नहीं सकती हैं। कैसेंड्रा ने पिछले दिनों 'जगत जाना पालम' और 'शिव पंचाक्षर स्त्रोतम' का गायन भी किया था। पीएम मोदी की 'मन की बात' में भी उनका जिक्र किया था।
मन की बात में किया था जिक्र
सितंबर 2023 में पीएम मोदी की 105वीं 'मन की बात' में कैसेंड्रा माई स्पिटमैन के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा था कि "कितनी मधुर आवाज है... और हर शब्द में झलकती भावनाओं के माध्यम से, हम भगवान के प्रति उसके प्यार को महसूस कर सकते हैं। अगर मैं बताऊं कि यह सुरीली आवाज जर्मनी की एक बेटी की है, तो शायद आप और भी आश्चर्यचकित हो जाएंगे! इस बेटी का नाम है है- कैसेंड्रा माई स्पिटमैन"
बता दें कि कैसेंड्रा ने इस साल भी सुर्खियां बटोरीं, जब उन्होंने अयोध्या में राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा समारोह से पहले 'राम आएंगे' भजन को अपनी आवाज में गाकर इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था।












Click it and Unblock the Notifications