मन की बात में इस 'चाय पानी वाली शादी' की बात पीएम ने बताई, आप भी जानें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात में एक शादी का जिक्र किया, जिसे उन्होंने 'चाय पानी वाली शादी' का नाम दिया।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के दौरान गुजरात स्थित सूरत के एक जोड़े का जिक्र किया और शादी के लिए उनके ओर से उठाए गए कदम की सराहना की।
रविवार (27 नवंबर) को मन की बात में पीएम मोदी ने बताया कि इस जोड़े की शादी केवल 500 रुपए में हो गई। पीएम ने इसे 'चायपानी वाली शादी' कहा।
इस मामले पर नवविवाहिता रक्षा ने कहा कि जिस चाय पर मोदी जी चर्चा कर सकते हैं, उसी चाय पर हमने शादी करने की सोची।

500 रुपए में संपन्न हो गई शादी
बताया गया कि इनकी शादी में सिर्फ कुछ ही लोग थे और मेहमानों के लिए चाय पानी का इंतजाम करा कर पूरी शादी संपन्न करा दी गई।
रक्षा ने यह भी कहा कि वो इस बात से बहुत खुश हैं कि उनका संदेश पीएम मोदी तक पहुंच गया।
एक ओर जहां लोग शादियों में लाखों, करोड़ों फूंक देते हैं, वहीं इस शादी में सिर्फ 500 रुपए खर्च होना अपने आप में अनोखी बात तो है ही साथ में प्रेरणादायक भी है।
पीएम ने कहा था...
बता दें कि 8 नवंबर को पीएम मोदी ने राष्ट्र के नाम संदेश के दौरान घोषणा की थी कि उसी दिन की आधी रात के बाद से 500 और 1,000 के करेंसी नोट विमुद्रीकृत कर दिए जाएंगे।
इस फैसले का असर पूरे देश पर पड़ा। खासा अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। इसका सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ा जिनके घर में शादियां थीं।
मन की बात के बाद उत्तर प्रदेश स्थित कुशीनगर में नोटीबंदी की चर्चा करते हुए भारतीय जनता पार्टी की एक रैली में पीएम मोदी ने विपक्ष पर करार प्रहार करते हुए कहा कि बीते दिनों हमने 500 और 1,000 के नोट बंद कर भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णय लिया।
पीएम ने लोगों से पूछा
पीएम ने वहां मौजूद लोगों से पूछा कि देश को भ्रष्टाचार, कालेधन से मुक्त कराना चाहिए या नहीं? पीएम ने कहा कि आज मैं देश का आभार व्यक्त करने आया हूं। पीएम मोदी ने कहा कि हक का पैसा सबको मिलना चाहिए लेकिन लूट का नहीं। मैंने देश से 50 दिन मांगे हैं।
कहा कि जो बड़े-बड़े हैं उनको बड़ी तकलीफ होगी, छोटे-छोटे लोगों को छोटी तकलीफ तो होगी ही। पीएम ने कहा कि जितनी आसानी से आप मोबाइल से फोटो और वाट्सएप भेज सकते हो, उतनी ही आसानी से आप मोबाइल को अपने बैंक की ब्रांच बना सकते हो।
पीएम ने 28 नवंबर को विपक्ष की ओर बुलाए गए भारत बंद पर कहा कि भ्रष्टाचार का रास्ता बंद होना चाहिए या भारत बंद? पीएम ने कहा कि हम काले धन और भ्रष्टाचार को बंद करने की बात कर रहे हैं और वो भारत बंद करने की बात कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications