PM मोदी की मंत्रियों के साथ 3 घंटे की बैठक में क्या हुआ? क्या है सरकार का प्लान? सामने आई बड़ी बातें

PM Modi Meeting With Ministers: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अलग-अलग मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाल रहे 12 से ज्यादा राज्यमंत्रियों के साथ करीब तीन घंटे तक बैठक की। बैठक प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई। इसमें कैबिनेट मंत्री और बड़े अधिकारी शामिल नहीं थे। सिर्फ स्वतंत्र प्रभार और अलग-अलग मंत्रालयों से जुड़े राज्यमंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक में मंत्रियों ने अपने विभाग के कामकाज का पूरा ब्योरा प्रधानमंत्री के सामने रखा।

बैठक में राज्यमंत्रियों ने अपने-अपने मंत्रालय में अब तक हुए काम की जानकारी दी। उन्होंने सरकार की योजनाओं की प्रगति बताई। साथ ही पिछले समय में किए गए सुधारों और शुरू की गई नई पहलों का भी ब्यौरा रखा। पीएम मोदी ने यह समझने की कोशिश की कि मंत्रालयों के स्तर पर लिए गए फैसलों का असर जमीन पर कितना दिख रहा है।

PM Modi Meeting With Ministers

बैठक का फोकस सिर्फ योजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं रहा। पीएम मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि सरकारी योजनाओं को कागज से निकलकर तय समय में जमीन तक पहुंचना चाहिए।

टाइम-बाउंड डिलीवरी पर पीएम मोदी का जोर

पीएम मोदी ने मंत्रियों से कहा कि योजनाओं और परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। काम में देरी न हो। साथ ही जल्दबाजी के चक्कर में गुणवत्ता से समझौता भी नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने की बात कही। पीएम मोदी का जोर इस बात पर भी रहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक सीधे और बिना अनावश्यक परेशानी के पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक बैठक में गरीब कल्याण से जुड़ी योजनाओं पर खास चर्चा हुई। पीएम मोदी ने मंत्रियों से पूछा कि जिन लोगों के लिए योजनाएं बनाई गई हैं, क्या उन्हें उनका फायदा समय पर मिल रहा है। पीएम मोदी ने यह साफ किया कि सिर्फ योजना शुरू कर देना काफी नहीं है। लक्षित लाभार्थी तक उसका फायदा पहुंचना ही असली कसौटी है। इस दौरान योजनाओं में होने वाली देरी और लोगों को आने वाली दिक्कतों को कम करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों के जनता से सीधे जुड़ाव को लेकर भी सवाल किए। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए लोगों तक पहुंच और संवाद के बारे में जानकारी ली। मंत्रालय आम लोगों तक अपनी योजनाओं की जानकारी कैसे पहुंचा रहे हैं, इस पर भी चर्चा हुई। यानी सरकार का फोकस सिर्फ मंत्रालय के भीतर काम करने पर नहीं, बल्कि लोगों तक उसकी जानकारी और उसका फायदा पहुंचाने पर भी है।

2047 तक विकसित भारत का रोडमैप क्या है?

  • बैठक का सबसे बड़ा हिस्सा विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जुड़ा रहा। पीएम मोदी ने मंत्रियों से उनके मंत्रालय का लंबी अवधि का विजन पूछा। सवाल यह था कि 2047 तक भारत को विकसित देश बनाने के लक्ष्य में उनका मंत्रालय क्या भूमिका निभाएगा।
  • पीएम मोदी ने मंत्रियों को संकेत दिया कि हर मंत्रालय की योजना को विकसित भारत के बड़े लक्ष्य से जोड़कर देखा जाना चाहिए। योजनाओं और कार्यक्रमों की दिशा भी इसी सोच के हिसाब से तय होनी चाहिए।
  • यह इस तरह की पहली बैठक बताई जा रही है, जिसमें सिर्फ राज्यमंत्री और स्वतंत्र प्रभार संभाल रहे मंत्री शामिल हुए। कृषि, शिक्षा, ग्रामीण विकास और सामाजिक न्याय जैसे अहम क्षेत्रों से जुड़े राज्यमंत्रियों ने इसमें हिस्सा लिया।
  • यह बैठक सभी विभागों के सचिवों और एम्पावर्ड ग्रुप्स के साथ प्रधानमंत्री की बैठकों के बाद हुई है। इससे साफ है कि सरकार अलग-अलग स्तर पर मंत्रालयों के काम की समीक्षा कर रही है। सूत्रों के मुताबिक आगे दूसरे मंत्रालयों के राज्यमंत्रियों के साथ भी ऐसी बैठकें हो सकती हैं।

पीएम मोदी का मंत्रियों को सीधा संदेश क्या था?

पूरी बैठक का सार यही रहा कि मंत्रालयों का काम सिर्फ योजनाएं बनाना नहीं है। योजना का असर लोगों की जिंदगी में दिखना चाहिए। इसके लिए समय, गुणवत्ता और पारदर्शिता तीनों पर ध्यान देना होगा।

इसके साथ ही 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर मंत्रालयों को अभी से अपनी योजनाओं और काम करने के तरीके में बदलाव करना होगा। तीन घंटे से ज्यादा चली इस बैठक में पीएम मोदी ने इसी बड़े लक्ष्य को रोजमर्रा के सरकारी काम से जोड़ने पर जोर दिया।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+