'ये दुनिया का सबसे बड़ा NGO है', RSS की 100 साल की यात्रा पर लाल किले से क्या-क्या बोले PM मोदी?
PM Modi Independence Day Speech: आज भारत की आजादी के 79 साल पूरे हो गए हैं। 15 अगस्त 1947 को मिली ऐतिहासिक स्वतंत्रता की गूंज आज भी हर भारतीय के दिल में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस खास मौके पर उनका संबोधन भी उतना ही अहम रहा। संयोग से आज ऑपरेशन सिंदूर के 100 दिन पूरे हो रहे हैं और पीएम मोदी ने इस पर खास जोर दिया।
पीएम मोदी ने राष्ट्रीय सुरक्षा से लेकर आर्थिक विकास तक के मुद्दों पर बात की और अपने कार्यकाल में शुरू की गई कल्याणकारी योजनाओं के विस्तार को भी रेखांकित किया। यह संबोधन न सिर्फ आज के भारत की ताकत का बयान था, बल्कि आने वाले कल के लिए एक रोडमैप भी। पीएम मोदी ने इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल पूरे होने का भी जिक्र किया।

RSS की 100 साल की यात्रा पर देश गर्व करता है: PM मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में कहा कि आज से 100 वर्ष पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की स्थापना हुई थी। सेवा, समर्पण, संगठन और अनुशासन-ये चार स्तंभ हमेशा से आरएसएस की पहचान रहे हैं। मां भारती के कल्याण को अपना उद्देश्य मानने वाला यह संगठन आज दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है। आरएसएस की इस शताब्दी यात्रा को याद करते हुए उन्होंने सभी स्वयंसेवकों को नमन किया और उनके योगदान की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा,
''मैं पिछले 100 वर्षों से राष्ट्र सेवा में आरएसएस स्वयंसेवकों के समर्पण को सलाम करता हूं। RSS की 100 साल की यात्रा पर देश को गर्व है। भारत को आरएसएस के देश के प्रति 100 वर्षों के समर्पण पर गर्व है, यह दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है।''
लाल किले की प्राचीर से PM मोदी ने किए 2 बड़े ऐलान
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो बड़े ऐलान किए। उन्होंने बताया कि इस दिवाली सरकार जीएसटी सुधार लागू करने जा रही है, जिससे आम जनता को टैक्स में राहत मिलेगी।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने देशभर में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना की शुरुआत का एलान किया। इस योजना के तहत प्राइवेट सेक्टर में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को सरकार की ओर से 15,000 रुपये की सहायता दी जाएगी, साथ ही उन कंपनियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा जो युवाओं को रोजगार देंगी। प्रधानमंत्री के अनुसार, इस योजना से देशभर में लगभग 3.5 करोड़ युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर पैदा होंगे।












Click it and Unblock the Notifications