Guwahati में पीएम मोदी बोले- कांग्रेस ने असम को पीछे ढकेला, भाजपा ने विकसित किया
PM Modi in Guwahati: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम की राजधानी गुवाहाटी में कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन किया। ब्रह्मपुत्र नदी पर बने इस 6-लेन के पुल का निर्माण 3,030 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है। असम पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री ने एक जनसभा को भी संबोधित किया, जहां उन्होंने विपक्षी कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला।
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आज देश को केवल एक और इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप नहीं मिली है। यह इस बात का भी प्रमाण है कि नया भारत अपनी सुरक्षा के लिए हर तरह से तैयार हो रहा है। आज का भारत न केवल अपनी सीमाओं को मजबूत कर रहा है, बल्कि देश के दुश्मनों को उनके घर में घुसकर जवाब भी दे रहा है।

'शहीद हुए मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं'
पीएम मोदी ने कहा, आज पुलवामा हमले की सातवीं बरसी है। मैं इस हमले में शहीद हुए मां भारती के वीर सपूतों को नमन करता हूं। पूरे विश्व ने देखा है कि इस आतंकी हमले के बाद भारत ने आतंकियों को कैसे दंडित किया। कुछ लोग आज भी कांप रहे हैं। आपने ऑपरेशन सिंदूर में भी भारत की यह शक्ति देखी है..."
पीएम का सवाल- क्या कभी देशहित में फैसले लेने की हिम्मत कांग्रेस में थी?
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने सवाल किया कि क्या कभी देशहित में फैसले लेने की हिम्मत कांग्रेस में थी। उन्होंने टिप्पणी की, "कांग्रेस पार्टी, जो भारत को एक राष्ट्र के रूप में मानने से इनकार करती है, जो भारत माता क्या है, इस पर सवाल उठाती है, वह भारत का कभी भला नहीं कर सकती।"
'कांग्रेस के कारण पूरा पूर्वोत्तर डर और असुरक्षा में डूबकर बर्बाद हो गया'
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस भारत माता का जिक्र करने से भी बचती है और उनके प्रति कोई सम्मान नहीं दिखाती। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पार्टी ने कभी देश की सुरक्षा को प्राथमिकता नहीं दी। पीएम ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस सरकारों की नकारात्मकता के कारण ही पूरा पूर्वोत्तर क्षेत्र डर और असुरक्षा में डूबकर बर्बाद हो गया।
'कांग्रेस सरकार में हथियार खरीद में घोटाला होता था'
प्रधानमंत्री ने याद दिलाया कि कांग्रेस शासनकाल में सेना के लिए हथियार खरीद का मतलब हजारों करोड़ के घोटालों से होता था। इसके विपरीत, वर्तमान में भारत अपनी सेना को और सशक्त कर रहा है। सीमाओं पर शानदार राजमार्ग, सुरंगें, ऊंचे पुल और आधुनिक हवाई पट्टियां बनाई जा रही हैं, जिससे देश की सुरक्षा बढ़ रही है और कांग्रेस हैरान है कि मोदी यह सब कैसे कर लेते हैं।
अमस को कांग्रेस ने पीछे ढकेला, इसका विकास भाजपा ने किया
असम के गोवाहाटी में पहुंचे पीएम मोदी ने कहा कांग्रेस ने असम को पीछे ढकेला। बीते वर्षों में असम का विकास का जो तेजी से विकास भाजपा सरकार के गठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। पीएम मोदी ने कहा, "असम आज जितना विकास कर रहा है, वह आप सभी के परिश्रम से बनी भाजपा सरकार के कारण संभव हुआ है। यहां लाखों गरीबों के लिए घर बनाए गए हैं। करोड़ों परिवारों को शौचालय की सुविधा मिली है। स्वच्छ पेयजल उनके घरों तक पहुंचाया गया है।"
उन्होंने आगे कहा कि इन सभी उपलब्धियों का श्रेय भाजपा के समर्पित बूथ कार्यकर्ताओं को जाता है। "इस पुण्य के हकदार भाजपा के बूथ कार्यकर्ता हैं। इसलिए इस बार भी आपको अपने-अपने बूथ पर हर एक वोट पर नजर रखनी है। अगर आपका बूथ जीतेगा, तो भाजपा जीतेगी," उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा।
प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी चुनावों में जीत सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।












Click it and Unblock the Notifications